Dec 22, 2016
दिल्ली के उपराज्यपाल नजीब जंग ने बृहस्पतिवार को अचानक इस्तीफा दे दिया। उन्होंने भारत सरकार को अपना इस्तीफा सौंप भी दिया है। यह जानकारी उपराज्यपाल कार्यालय से शाम चार बजकर बीस मिनट पर प्रेस रिलीज जारी कर सार्वजनिक की गई। नजीब जंग ने सहयोग के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को धन्यवाद दिया। दिल्ली वालों को प्यार व मदद के लिए खासकर एक साल के राष्ट्रपति शासन में सुचारू रूप से प्रशासन चलाने में सहयोग के लिए भी शुक्रिया कहा। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मतभेद को लेकर सुर्खियो में रहे जंग ने इस्तीफे का कारणदोबारा अध्ययन-अध्यापन की ओर लौटने को बताया। वहीं आम आदमी पार्टी की तरफ से बेहद सधे हुए अंदाज में प्रतिक्रिया आई। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि जंग का इस्तीफा उनके लिए हैरान करने वाला है।
नजीब जंग दिल्ली के 20वें उपराज्यपाल थे। जुलाई 2013 में उपराज्यपाल बनने से पहले वह जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के कुलपति थे। जंग के इस्तीफे के बाद अगले उपराज्यपाल पद को लेकर तमाम नामों को लेकर कयासबाजी शुरू हो गई है। अपने साढ़े तीन साल के कार्यकाल में जंग का सबसे अधिक समय आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के साथ रहा। आप ने उन पर केंद्र के इशारे पर लगातार जनहित के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। आप का आरोप था कि जंग ने अहम योजनाओं में जानबूझकर अड़ंगा लगाया। उनके और अरविंद केजरीवाल के बीच इतनी तल्खी थी कि हाल ही में केजरीवाल ने यहां तक कहा था कि पीएम मोदी उन्हें कभी उपराष्ट्रपति नहीं बना सकते क्योंकि वह मुसलमान हैं। दिल्ली महिला आयोग में दिलराज कौर को सदस्य सचिव नियुक्त किए जाने से खफा केजरीवाल ने 7 नवंबर को नजीब जंग की तुलना हिटलर तक से कर दी थी। केजरीवाल ने ट्वीट किया था, 'उपराज्यपाल नजीब जंग हिटलर की तरह व्यवहार कर रहे हैं, पीएम मोदी और अमित शाह के पदचिह्नों पर चल रहे हैं। वह प्रधानमंत्री को अपनी आत्मा बेच चुके हैं।'
तमाम खट्टे मीठे अनुभवों के बावजूद कह सकता हूं कि नजीब जंग साहब के साथ हमने मिलकर दिल्ली के लिए बहुत अच्छा काम किया। भविष्य के लिए शुभकामनाएं।
-मनीष सिसोदिया, उपमुख्यमंत्री दिल्ली
' मोदी सरकार अपने लोगों को पुरस्कृत करती है.. हो सकता है कि जल्द अच्छी नियुक्ति मिलेगी। दुख है कि उनका कार्यकाल शोभनीय नहीं रहा.अब वे विदा हो रहे हैं, तो उन्हें शुभकामनाएं। हम जितना काम करना चाहते थे, उतना नहीं कर पाए। नजीब जंग का बर्ताव उनका अपना नहीं था। वे किसी के प्रभाव में काम कर रहे थे। आशा करते हैं कि अगले आने वाले एलजी (उपराज्यपाल) जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देंगे और किसी के प्रभाव में नहीं होंगे।' - कुमार विश्वास, आप नेता








