Dec 24, 2016
मुंबई। बिग बॉस के घर से एक बड़ी ख़बर आई है। वीकेंड का वार में इस बार प्रियंका जग्गा म्यूज़ को घर से बाहर जाने का दरवाज़ा दिखाया गया है, और ये काम ख़ुद सलमान ख़ान ने किया है। प्रियंका ने सीधे सलमान से पंगा ले लिया और नतीज़तन उन्हें बिग बॉस के घर से बाहर कर दिया गया। सूत्रों की मानें तो शुक्रवार को ये एपिसोड शूट हो चुका है और पिछले हफ़्ते प्रियंका के इरिटेटिंग बिहेवियर और एब्यूसिव लैंग्वेज की वजह से उन पर वीकेंड का वार हुआ। इतना ही नहीं जब सलमान ख़ान ने प्रियंका को समझाने की कोशिश की, तो उन्होंने बेशर्मी के साथ कहा- मैं तो फिर करूंगी। प्रियंका ने अपनी बातों और बोली से सलमान को इतना चिढ़ा दिया कि तंग आकर उन्होंने प्रियंका से कह दिया, खड़ी हो जाओ और सीधे घर से बाहर निकलो। इतना ही नहीं, सलमान ने ये भी कहा कि भविष्य में अगर कलर्स ने प्रियंका के साथ दोबारा काम किया तो वो चैनल के साथ कभी काम नहीं करेंगे। सलमान ने प्रियंका से सीधे और सपाट लहज़े में बोल दिया- प्लीज़ लीव माई होम। हालांकि पहले ख़बरें ये आई थीं कि प्रियंका की तबीयत बिगड़ने की वजह से उन्हें बिग बॉस ने शो छोड़ने की इजाज़त दे दी है, जिसका ज़िक्र जग्गा ने अपनी फेसबुक वॉल पर भी किया था।








