Loading...
अभी-अभी:

छात्र पर पेट्रोल डालकर जिंदा जलाया, 8वीं के छात्र पर लगा आरोप

image

Jan 9, 2017

बैतूल। जिला मुख्यालय से 30 किमी दूर स्थित घोड़ाडोंगरी तहसील के ग्राम मोरडोंगरी माध्यमिक शाला में कक्षा सातवीं के 14 वर्षीय छात्र गोपाल पिता मुकेश धुर्वे को एक लड़के ने पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का प्रयास किया। हादसे में छात्र 90 प्रतिशत तक जल चुका हैं। जिसे घोड़ाडोंगरी में प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। छात्र की हालत अब भी गंभीर बताई जाती है। पुलिस ने घटना को लेकर छात्र से पूछताछ भी की लेकिन वह आरोपी का नाम नहीं बता पा रहा है। गोपाल ने सिर्फ इतना बताया कि उसका दोस्त लोकेश आरोपी को जानता है। मामले में लोकेश से भी पुलिस पूछताछ कर रही है। बताया गया कि जिस समय छात्र को पेट्रोल डालकर जलाया गया उस समय लोकेश भी मौजूद था। हालांकि वह भी इस घटना के बाद से सदमे में हैं। इसलिए पुलिस को आरोपी युवक के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं मिल सकी है।

गोपाल के मामा शंकर धुर्वे ने बताया कि रविवार शाम चार बजे के लगभग ग्राम मोरडोंगरी और बाकुड़ के बीच जंगल में एक लड़के ने गोपाल को पेट्रोल डालकर जला दिया। पेट्रोल बॉटल में भरकर लाया गया था। विवाद के बाद आरोपी ने गोपाल पर पेट्रोल डाला और फिर आग लगा दी। गोपाल गांव में अपने नाना-नानी के पास रहता था। उसके भाई-बहन भी नहीं है। वह अकेला लड़का था। घटना के दौरान उसका दोस्त लोकेश भी मौजूद था। जिसने परिजनों को घटना के बारे में सूचना दी। जिसके बाद गोपाल को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घोड़ाडोंगरी ले जाया गया।

प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान घायल गोपाल ने बताया कि घटना के एक दिन पहले वह अपने साथियों के साथ नदी में नहाने के लिए गया था। वहां उसका विवाद ग्राम बाकुड़ के यादव नामक के एक लड़के से हो गया था। विवाद किस बात को लेकर हुआ यह पता नहीं चल सका है। घायल गोपाल युवक का पूरा नाम भी नहीं बता पा रहा है। सिर्फ इतना ही बताया कि जिसने उस पर पेट्रोल डालकर आग लगाई वह काले रंग का था। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। गोपाल से पूछताछ करने के बाद पुलिस को कोई ज्यादा जानकारी नहीं मिलने पर अब उसके दोस्तों से पूछताछ की जा रही है। घटना के प्रत्यक्षदर्शी लोकेश से भी पुलिस बात करने में लगी हैं लेकिन वह घटना के बाद से काफी दहशतजदा हो गया है। इसलिए पुलिस अभी तक मुख्य आरोपी तक नहीं पहुंच सकी है। वैसे पुलिस ने गोपाल द्वारा बताए जा रहे हुलिए के आधार पर आसपास के गांव में आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ सकते हैं। इधर घटना के बाद एसडीओपी और टीआई भी जांच करने के लिए गांव पहुंच गए हैं।

- गोपाल का स्कूल में ही एक दिन पहले ग्राम बाकुड़ के एक लड़के से विवाद हो गया था। जिसके बाद उक्त लड़के ने गोपाल को जलाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- जुगल किशोर, पुलिस चौकी प्रभारी घोड़ाडोंगरी।