Jul 13, 2017
धमतरी शहर से लगे तेलिनसत्ती गांव में बीते 12 जुलाई की रात एक ही परिवार के 3 लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। इसमें एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक बीती रात इस परिवार पर अज्ञात हमलावरों ने जानलेवा हमला कर दिया था। वहीं एक ही परिवार के 3 लोगों की हत्या की घटना के बाद से इलाके में सनसनी फैल गई है।
अगले दिन सुबह जब घटना की जानकारी पुलिस को मिली, तो पुलिस अपने दलबल के साथ मौके पर पहुंची। फिलहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्ट के लिए भेजकर पूरे घटनास्थल को सील कर दिया है। रायपुर से फोरेंसिक जांच के लिए टीम बुलाई गई है और डॉग स्क्वायड को भी लगाया गया है। इस बारे में उप सरपंच राकेश सिन्हा ने बताया कि तेलीनसत्ती में टेलर का काम करने वाले महेंद्र सिन्हा का अपना मकान है।
यहां वो अपनी पत्नी उषा सिन्हा और अपने दो बेटों (महेश और त्रिलोक) के साथ रहते थे। इसी क्रम में बीते 12 जुलाई की रात कुछ अज्ञात लोगों ने इस परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया था। इसमें महेंद्र, उषा और महेश की मौके पर ही मौत हो गई थी। हमलावरों ने त्रिलोक पर भी जानलेवा किया था, लेकिन वह बच गया. हमलावरों ने उसे मरा हुआ सझकर भाग गए थे. त्रिलोक का फिलहाल धमतरी के मसीही अस्पताल में इलाज जारी है।
एएसपी के. पी. चंदेल की मानें तो हमलावर चोरी की नीयत से घर में दाखिल हुए थे। वहीं जांच के बाद ही पुलिस ने घटना की हकीकत सामने आने की बात कही है। इस तिहरे हत्याकांड के बाद गांव के लोगों में आक्रोश व्याप्त है. इसलिए गांव में सुरक्षा के लिहाज से भारी संख्या में पुलिस बल तैनात कर दिए गए हैं।








