Oct 8, 2019
पंकज सिंह भदौरिया : विरोधी अभियान के तहत दंतेवाडा पुलिस को एक और कामयाबी मिली है। पुलिस ने कटेकल्याण के डब्बा कुन्ना इलाके में एक वर्दीधारी नक्सली को मार गिराया है। बता दें कि, मारे गये नक्सली देवा मुचाकी पर आठ लाख रूपये का इनाम घोषित है। मारे गये नक्सली के पास से जवानों ने बडी मात्रा में सामान और दस्तावेज बरामद किये हैं।
400 जवानों की टुकडियां सर्चिंग पर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कटेकल्याण इलाके में बडे माओवादी लीडरों के जमावड़े की सूचना मिली थी। जिसके बाद 400 जवानों को 15 अलग अलग टुकडियों में सर्चिंग के लिये निकाला गया था। डब्बा कुन्ना में जवान सर्चिंग कर ही रहे थे कि एक जवान कैलाश नेताम की हार्ट अटैक से मौत हो गयी। अभी इस जवान को जंगलों से निकाला जा रहा था कि घात लगाये जवानों ने हमला करते गोलीबारी शुरू कर दी। लगभग आधे घंटे दोनों ओर से रूक रूक फायरिंग होती रही। मुठभेड के बाद जवानों ने जब मौके की पडताल की तो एक नक्सली का शव बरामद हुआ है। इसके अलावा जगह जगह खून के धब्बे भी देखे गये हैं।
जवानों का सर्च अभियान जारी
पुलिस का दावा है कि इस घटना में और भी नक्सलियों को गोली लगी है। मारे गये नक्सली से पुलिस ने इंसास के दो मैगजीन, एक पिस्टल, एक बम समेत दस्तावेज बरामद किये हैं। मारे गये नक्सली की शिनाख्त देवा मुचाकी, प्लाटून नंबर 26 के डिप्टी कमांडर के रूप में हुई है। इस पर आठ लाख रूपये का इनाम घोषित है। जवानों का सर्च अभियान अब भी जारी है।