Loading...
अभी-अभी:

बलरामपुरः कन्हर नदी के तट पर लोगों ने आरती पूजन कर मनाया गंगा दशहरा का पर्व

image

Jun 13, 2019

सुनील पासवान- बलरामपुर जिले के रामानुजगंज की जीवनदायिनी मानी जाने वाली कन्हर नदी के तट पर कल गंगा दशहरा काफी धूमधाम से मनाया गया। शाम होते ही शहर के सभी लोग हाथ में दीपक लेकर कन्हर नदी के तट पर पहुंच गए और सभी ने कनहर नदी को मां गंगा का स्वरुप मानकर पूजा अर्चना किया, मां गंगा की आरती भी की। इस दौरान ब्रह्मणों की विशेष टीम इस पूजा अर्चना में शामिल थी और उन्होंने पूरे विधि विधान से गंगा दशहरा के पर्व पर पूजापाठ कराया और मां की आरती की। इस पर्व पर भारी संख्या में महिलाएं भी शामिल हुईं। चारों ओर हाथ में दिए लिए लोगों की भीड़ ही दिख रही थी। सैकडों की संख्या में लोग इस पर्व में शामिल हुए और सभी ने कन्हर नदी के तट पर दीप प्रज्वलन कर अपनी आस्था व्यक्त किया।

कन्हर नदी को स्थानीय लोग प्राणदायिनी गंगा का रूप ही मानते हैं

इस पर्व को लेकर स्थानीय लोगों में काफी उत्साह था और सभी नए कपडों के साथ इस पर्व में शामिल हुए। झारखंड और छत्तीसगढ़ प्रदेश को जोड़ने वाली कन्हर नदी पर गंगा दशहरा पर्व के लिए न सिर्फ छत्तीसगढ़ के रामानुजगंज के लोग शामिल हुए बल्कि झारखंड प्रदेश के लोग भी इस पर्व में शामिल हुए और उन्होंने भी मां गंगा की आरती की। गौरतलब है कि कन्हर नदी न सिर्फ रामानुजगंज वासियों की प्यास बुझाती है बल्कि झारखंड में भी यह नदी अमृत का काम करती है। नगर पंचायत के अध्यक्ष रमन अग्रवाल ने बताया की यहां गंगा दशहरा का पर्व सालों से मनाया जा रहा है और हर साल इसका स्वरुप बढ़ता ही जा रहा है। उन्होंने कहा कि गंगा दशहरा के दिन आरती करने के बाद सभी लोग इसे हमेशा स्वच्छ रखने का संकल्प लेते हैं जिससे यह हमेशा निर्मल बहती रहे और इसकी धार कभी कम न हो।