Nov 23, 2025
सुकमा: हिड़मा का सबसे करीबी कमांडर बारसे देवा आज कर सकता है सरेंडर
रोशन चौहान सुकमा : छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी की उम्मीद जागी है। हिड़मा का सबसे भरोसेमंद और खूंखार कमांडर बारसे देवा उर्फ चैतु आज सुरक्षा बलों के सामने सरेंडर कर सकता है। शनिवार देर शाम छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा सुकमा पहुंचे और नक्सली पुनर्वास शिविर का निरीक्षण किया।
गृहमंत्री का दौरा और अपील
विजय शर्मा ने सरेंडर कर चुके नक्सलियों से मुलाकात की और उन्हें मुख्यधारा में शामिल होने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने अन्य सक्रिय नक्सलियों से भी हिंसा छोड़कर समाज की मुख्यधारा में लौटने की अपील की।
बारसे देवा पर 25 लाख का इनाम
42 वर्षीय बारसे देवा पर सरकार ने 25 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है। वह बटालियन नंबर-1 का कमांडर है और हिड़मा के बाद सबसे खतरनाक ऑपरेशनल कमांडर माना जाता है। वह अनपढ़ है, लेकिन हिंदी, उड़िया, तेलुगु और मराठी भाषाएं जानता है।
बड़े हमलों का मास्टरमाइंड
बारसे देवा ने 25 मई 2013 के झीरम घाटी हमले में अहम भूमिका निभाई थी, जिसमें कई बड़े कांग्रेस नेता मारे गए थे। इसके अलावा 26 अप्रैल 2023 के अरनपुर हमले में 10 जवानों की शहादत के लिए भी वह जिम्मेदार है।
सरेंडर से नक्सलियों को झटका
सुरक्षा एजेंसियों का मानना है कि यदि बारसे देवा सरेंडर करता है तो सुकमा और आसपास के इलाकों में नक्सली गतिविधियों को गहरा धक्का लगेगा। पहले भी गृहमंत्री विजय शर्मा देवा की मां से मिलकर उन्हें समझा चुके हैं।
उम्मीदों का बाजार गर्म
सुकमा में सुरक्षा बलों की तैयारियां पूरी हैं। माना जा रहा है कि कुछ ही घंटों में बारसे देवा हथियार डालकर सामने आ सकता है। यह सरेंडर बस्तर में नक्सल अभियान के लिए बड़ा टर्निंग प्वाइंट साबित हो सकता है।







