Loading...
अभी-अभी:

सीएम शिवराज के जन्मदिन पर पीएम ने दी इस तरीके से बधाई, जानिए

image

Mar 5, 2018

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का आज जन्मदिन है और उन्हें बधाई देने का क्रम सुबह से ही प्रारंभ हो गया है। सीएम के निवास पर सुबह से ही मंत्री, नेता, अधिकारी और आम लोग उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं देने पहुंच रहे हैं।

इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह, अनेक केंद्रीय मंत्रियों, भाजपा के केंद्रीय पदाधिकारियों, प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, राज्य मंत्रिमंडल के सदस्यों और अन्य लोगों ने भी चौहान को जन्मदिन की शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान शिवराज जी को जन्मदिन की बधाई। उनकी विनम्रता ने उन्हें समाज के सभी वर्गों के बीच लोकप्रिय बना दिया है और उनकी कड़ी मेहनत ने मध्यप्रदेश को बदल दिया है। मैं शिवराज जी की लंबी आयु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं। भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा अपनी सेवा और समर्पण से मध्यप्रदेश में सुशासन के पर्याय बन प्रदेश को विकासपथ पर अग्रणी बनाने वाले मुख्यमंत्री चौहान जी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।

मैं ईश्वर से आपके उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना करता हूं। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान और अनेक नेताओं ने सुबह मुख्यमंत्री निवास पहुंचकर शिवराज सिंह चौहान को पुष्प गुच्छ भेंटकर जन्मदिन की बधाई दी और उनके सुदीर्घ और स्वस्थ जीवन की कामना की। प्रदेश भाजपा की ओर से आज चौहान का जन्मदिन सेवा दिवस के रूप में मनाया जा रहा है।

इसके तहत पूरे प्रदेश में जगह जगह पार्टी की ओर से अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। प्रदेश संगठन महामंत्री सुहास भगत, प्रदेश भाजपा के अन्य पदाधिकारियों, सांसद, विधायकों और प्रवक्ताओं ने भी चौहान को शुभकामनाएं दी हैं। शुभकामनाएं देने वाले मंत्रियों में नरोत्तम मिश्रा, जयंत मलैया, माया सिंह, भूपेंद्र सिंह, उमाशंकर गुप्ता, लाल सिंह आर्य, रामपाल सिंह और संजय पाठक भी शामिल हैं।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार चौहान ने सुबह निवास पर पूजा अर्चना के बाद उनके निवास पर आए लोगों से मुलाकात कर जन्मदिन की शुभकामनाएं स्वीकार कीं। यह सिलसिला काफी देर तक चला। चौहान सोमवार को  वृद्धाश्रम भी जाएंगे और इसके बाद सीहोर जिले के नसरूल्लागंज के पास सलकनपुर में प्रसिद्ध देवी मंदिर में पूजा अर्चना करेंगे।