Loading...
अभी-अभी:

भोपाल: विवादित बयान दे कर फिर फंसे दिग्गी राजा, भाजपा और बजरंग दल पर आईएसआई से पैसे लेने का लगया आरोप

image

Sep 1, 2019

दिग्विजय सिंह ने रविवार को भाजपा और बजरंग दल पर हमला बोलते हुए विवादित बयान दे दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा और बजरंग दल को पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से फंडिंग मिलती है। दिग्विजय यहीं नहीं रूके उन्होंने इस दौरान ये भी कहा कि मुसलमानों से ज्यादा गैर-मुसलमान आईएसआई के लिए जासूसी कर रहे हैं। जिसके बाद बवाल मच गया था। इस विवादित बयान के बाद मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के विवादित बयान पर पलटवार किया है। उन्होंने ट्वीट कर कहा 'दिग्विजय सिंह जानबूझकर ऐसी बयानबाजी करते हैं। वह और उनके नेता पाकिस्तान की भाषा बोलते हैं। उनकी विश्वसनीयता बची नहीं है। मैं उनके बयान को इसलिए गंभीरता से नहीं लेता, क्योंकि सारा देश संघ और भाजपा की देशभक्ति से परिचित है। हमें दिग्विजय जी के प्रमाण की जरूरत नहीं है। दिग्विजय सिंह, ओसामा जी और हाफिज जी कहने वाले नेता हैं। वह विवादित बयान इसलिए देते हैं, ताकि सुर्खियों में बने रहें। वे और उनके नेता जो पाकिस्तान चाहता है, वो बोलते हैं। ऐसे नेता को मैं गंभीरता से नहीं लेता और न देश लेता है।'

बजरंग दल के बारे में इल्जाम लगाना गलत

सोलंकी ने कहा कि, 'दिग्विजय सिंह के हृदय में हिंदू विरोधी मानसिकता कई सालों से जमी हुई है। दिग्विजय सिंह का सियासी महत्व ख़त्म हो चुका है और वे अब एक्सपायरी डेट के हो गए हैं। ऐसे बयान देकर दिग्विजय सिंह कांग्रेस को देश से बाहर करना चाहते हैं, कांग्रेस को चाहिए कि वह दिग्विजय को कांग्रेस से बाहर कर दे।' सोहन सोलंकी ने आगे कहा कि, 'दिग्विजय सिंह ने जो जहां है उसकी मैं कड़े शब्दों में निंदा करता हूं और उनकी बात को ख़ारिज भी करता हूं, क्योंकि बजरंग दल का कोई भी कार्यकर्ता कभी भी देश विरोधी गतिविधियों में नहीं संलिप्त हो सकता है।' सोलंकी ने आगे कहा कि देश में 40 लाख युवा बजरंग दल से जुड़े हुए हैं। यह देश का सबसे बड़ा युवा संगठन है। बजरंग दल हमेशा सभी की निस्वार्थ भाव से सेवा करता आया है। बजरंग दल के बारे में इल्जाम लगाना गलत है, इस कारण से ही वे आरोप लगा रहे हैं क्योंकि भारत की सियासत से उनका महत्त्व समाप्त हो चुका है वह एक्सपायरी डेट हो चुके है।

चौतरफा आलोचना के बाद अपने विवादित बयान से पलटे दिग्विजय

दिग्विजय सिंह चौतरफा आलोचना के बाद अपने विवादित बयान से पलट गए हैं। अब उन्होंने अपने बयान पर सफाई देते हुए ट्वीट किया 'कुछ चैनल चला रहे हैं कि मैंने भाजपा पर यह आरोप लगाया है कि वे ISI से पैसा ले कर पाकिस्तान के लिए जासूसी करते हैं, जो पूरी तरह से गलत है। बजरंग दल व भाजपा के आईटी सेल के पदाधिकारी द्वारा आईएसआई से पैसे लेकर पाकिस्तान के लिए जासूसी करते हुए मध्य प्रदेश पुलिस ने पकड़ा है। मैंने भाजपा पर यह आरोप लगाया है कि वे आईएसआई से पैसा लेकर पाकिस्तान के लिए जासूसी करते हैं, यह पूरी तरह से गलत है।'

बजरंग दल मानहानि का मामला करेगा दायर

कांग्रेस के दिग्गज नेता व मध्य प्रदेश के पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह के खिलाफ बजरंग दल मानहानि का मामला दायर करेगा। बजरंग दल के राष्ट्रीय संयोजक सोहन सोलंकी ने मीडिया से बात करते हुए कहा है कि हम दिग्विजय सिंह के बयान की कड़ी निंदा करते हैं और हम उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेंगे और मानहानि का दावा ठोकेंगे।