Loading...
अभी-अभी:

सौसरः सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का हाल बेहाल, ढर्रे की तर्ज पर हो रहा संचालन

image

Dec 30, 2019

दिनेश धारपुरे - सौसर का एकमात्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जो हमेशा सुर्खियों में बना रहता है अपनी दुर्दशा पर आँसू बहा रहा है। यह अस्पताल 100 बिस्तर के नाम से है किंतु यहाँ 30 बिस्तर की सुविधा उपलब्ध नहीं है। जिसके कारण यहाँ आने वाले अधिकांश पेशेंट को रेफर कर दिया जाता है, जिन्हें दूसरे अस्पतालों में लूट का शिकार होना पड़ता है। यहाँ कुछ माह पूर्व एक विवादित रेफ़रवाली महिला चिकित्सक की पोस्टिंग थी, जिसने कई सीजर ऑपरेशन किये, किन्तु विवादों में घिरी रहने से इनका भी स्थान्तरण कर दिया गया। अब कई माह से यह पद भी खाली पड़ा है।

डॉक्टरों की 24 पोस्ट में से केवल 7 उपलब्ध, सोनोग्राफी मशीन 6 माह से बन्द पड़ी

वहीं अस्पताल में सोनोग्राफी की मशीन लगभग 6 माह से बन्द पड़ी है और विभाग के जिम्मेदार मौन बैठे हैं। अस्पताल में रेबीज के इंजेक्शन की हमेशा कमी रहती है, जिससे एक खास निजी मेडिकल स्टोर से इसे पेशेंट को लाने को कहा जाता है। अस्पताल में लगभग डॉक्टरों के 24 पद स्वीकृत हैं, जिसमें से केवल यहाँ 7 डॉक्टर पदस्त हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 11 प्राइमरी अस्पताल हैं, उस में भी 7 डॉक्टर पदस्त हैं। ऐसे में शासन के महत्वपूर्ण स्वास्थ्य विभाग की सेवाएं वेंटिलेटर पर संचालित होनी ही है। वहीं जिम्मेदार अधिकारी व जन प्रतिनिधियों का एक ही रटा रटाया जवाब कि जल्द ही सुविधा उपलब्ध हो जाएगी। ऐसे में प्राइवेट नर्सिंग होम मरीज के जेब पर डाका डालने से नहीं चूक रहे।