Loading...
अभी-अभी:

कमलनाथ सरकार ने की पिंक​ बसों की शुरूआत, महिलाओं को दिया सुरक्षित सफर का तोहफा

image

Feb 5, 2020

दीपिका अग्रवाल : इंदौर शहर अपने अनूठे और अलग प्रयोगों के लिए देशभर में अलग पहचान बना चुका है। इंदौर में हो रहे प्रयोग सकारात्मक रूप से अपनी पैठ भी लोगों के बीच बना रहे है। इसी कड़ी में अब इंदौर की सड़कों पर पिंक बसें दौड़ाई जा रही हैं। रंग से ही साफ ज़ाहिर है कि ये खासतौर से महिलाओं की बस है जिसमें महिलाओं के लिए सारी सुविधाएं मौजूद है। महिला सवारियों को लेकर ये बसें शान से शहर की बीआरटीएस लेन में दौड़ रही हैं।

महिलाओं को सुरक्षित सफर का तोहफा
दरअसल कमलनाथ सरकार ने महिलाओं को सुरक्षित सफर का तोहफा देते हुए पिंक बसों की शुरूआत कर दी है। इंदौर से इसकी शुरुआत हुई है। मध्यप्रदेश में पहली बार इंदौर में महिलाओं के लिए ये विशेष पिंक बसें चलना शुरू हुईं हैं। बिना किसी औपचारिक उद्घाटन के इन बसों को सड़कों पर उतार दिया गया है। बस में ड्राइवर से लेकर कंडक्टर तक सब महिलाएं हैं। अभी सिर्फ दो पिंक बसें शुरू की गयी हैं, जो बीआरटीएस कॉरिडोर में राजीव गांधी चौराहा से निरंजनपुर तक चल रही हैं। 

महिला बस वॉर्डन के साथ तमाम लेटेस्ट सुविधाएं उपलब्ध
इंदौर में पहली बार चलायी जा रही इन पिंक बसों में सीसीटीवी कैमरा, ऑन बोर्ड यूनिट, पैसेंजर इंफॉर्मेशन सिस्टम, पैसेंजर अनाउंसमेंट सिस्टम, एसओएस बटन, महिला बस वॉर्डन के साथ तमाम लेटेस्ट सुविधाएं हैं।यहां तक कि बस में खुद को असुरक्षित महसूस करने पर महिला यात्री इसमें लगा पैनिक बटन को फौरन दबा सकती है। ये बटन पुलिस के डायल 100 सिस्टम से जुड़ा है। शहर की महापौर मालिनी गौड़ का कहना है कि महिलाओं के लिए ये बहुत अच्छी सौगात साबित होगी, इससे महिला यात्रियों को सुरक्षित सफर का लाभ मिलेगा।