Loading...
अभी-अभी:

नई दिल्लीः सियासत में एक नई सिख पार्टी की एंट्री, नाम है जग आसरा गुरु ओट पार्टी  

image

Oct 3, 2019

दिल्ली की राजनीति में सिख समुदाय की अहम भूमिका होती है। तमाम राजनीतिक दल इसको सामने रखकर अपनी चुनावी रणनीति बनाते हैं। इस सियासत में एक नई सिख पार्टी की एंट्री हुई है। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मनजीत सिंह जीके ने नई पार्टी का गठन किया है। इस पार्टी का नाम जग आसरा गुरु ओट (जत्थेदार संतोख सिंह) होगा। ग्रेटर कैलाश में आयोजित विशेष समागम में नई पार्टी जग आसरा गुरु ओट (जागो) के गठन का ऐलान किया गया। गुरु नानक देव खालसा कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. हरमीत सिंह ने मनजीत सिंह जीके को पार्टी का अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव रखा। सिख राजनीति के वरिष्ठ नेता बलबीर सिंह कोहली ने प्रस्ताव पर मुहर लगाई।

अध्यक्ष जीके ने कहा जल्द ही विंग अध्यक्षों के नाम की घोषणा की जाएगी

इस मौके पर नई पार्टी के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष जीके ने कहा कि जल्द ही पार्टी में यूथ, महिला, धर्म प्रचार और बुद्धिजीवी विंग का गठन कर अध्यक्षों के नाम की घोषणा की जाएगी। छात्र विंग का अध्यक्ष गुरु तेग बहादुर खालसा कॉलेज छात्रसंघ की अध्यक्षा तरणप्रीत कौर को बनाया गया है। पार्टी एक सलाहकार समिति का भी गठन करेगी। संगठन की दृष्टि से दिल्ली कमेटी के 46 वार्डों को 5 जिलों में बांटा गया है। इन जिलों के नाम 1783 में दिल्ली फतह करने वाले 5 सिख सेनापतियों के नाम पर रखा गया है। पूर्वी दिल्ली जिले का नाम बाबा बघेल सिंह के नाम पर होगा। मध्य-पश्चिमी दिल्ली जिला बाबा जस्सा सिंह आहलूवालिया, पश्चिमी दिल्ली जिला बाबा जस्सा सिंह रामगढ़िया, दक्षिणी दिल्ली जिला जत्थेदार महा सिंह शुक्रचकिया और उत्तरी दिल्ली जिले का नाम जत्थेदार तारा सिंह घेबा के नाम पर होगा। बता दें कि अगले साल की शुरूआत में दिल्ली में विधानसभा चुनाव होने हैं। वर्तमान में आप, कांग्रेस, भाजपा और अकाली दल का सिख राजनीति में प्रभाव है।