Loading...
अभी-अभी:

UP को सीएम योगी की नई सौगात: कम्हरिया घाट पक्के पुल का करेंगे लोकार्पण, 22 सालों के संघर्ष का फल

image

Aug 18, 2022

उत्तर प्रदेश में हो रहे सतत विकास के क्रम में योगी आदित्यनाथ राज्य को एक और बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। आज सीएम योगी आदित्यनाथ गोरखपुर से प्रयागराज जाने वाले पुल का लोकार्पण करेंगे। गुरुवार को सीएम योगी 1.5 किलोमीटर की लंबाई में बने इस पुल का उद्घाटन करेंगे। गोरखपुर-अंबेडकर नगर जिले के मध्य में स्थित घाघरा नदी पर कम्हरिया घाट पुल के रूप में राज्य को ये इंटर-डिस्ट्रिक्ट कनेक्टिविटी का तोहफा मिलेगा। इस पुल के बनने से गोरखपुर से संगम नगरी की दूरी 80 किलोमीटर कम हो जाएगी। साथ ही अंबेडकरनगर, आजमगढ़, जौनपुर, अयोध्या, संत कबीर नगर, सुल्तानपुर, प्रतापगढ़ जैसे जिलों के लिए भी बेहतर कनेक्टिविटी का विकल्प मिलेगा।   

पुल का निरीक्षण और लोकार्पण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को 2:30 बजे के आसपास कम्हरिया घाट पहुंचेंगे। उद्घाटन से पहले सीएम कृषि विभाग एवं उद्यान विभाग का स्टॉल देखेंगे। इसके बाद सीएम पुल का निरीक्षण कर लोकार्पण करेंगे, साथ ही जनकल्याण के लाभार्थियों को सम्मानित भी करेंगे। मुख्यमंत्री के साथ मंच पर जनप्रतिनिधियों के साथ ही कम्हरिया घाट पुल निर्माण के लिए संघर्ष करने वाले लोग भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद सीएम करीब 4 बजे एमएमएमयूटी परिसर में बने हेलीपैड पहुंचेंगे और वहां से सड़क मार्ग से रानीडीहा स्थित संस्कृति पब्लिक स्कूल जाएंगे। देर शाम तक मुख्यमंत्री लखनऊ लौट जाएंगे।

193.97 करोड़ की लागत में बना पुल 

घाघरा नदी के कम्हरिया घाट पर पुल का निर्माण 193 करोड़, 97 लाख, 20 हजार रुपये की लागत से हुआ है। फरवरी 2014 में पुल का निर्माण शुरू हुआ था और 2022 में ये पूरा हुआ। हालांकि पुल बनने के लिए आंदोलन साल 2000 से ही शुरु हो गए थे।   

22 सालों के संघर्ष का फल- कम्हरिया घाट

कम्हरिया घाट पर पुल के निर्माण के लिए साल 2000 में आंदोलन शुरू हुआ था। आंदोलनकारियों ने पुल के निर्माण के लिए प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री को प्रार्थना पत्र देने से लेकर धरना देने तक कई प्रयास किए। अप्रैल, 2013 में सर्वहित क्रांति दल के अध्यक्ष सत्यवंत प्रताप सिंह ने कम्हरिया घाट पर पक्का पुल निर्माण के लिए धरना-प्रदर्शन शुरू किया जो जल सत्याग्रह में बदल गया। इसके बाद प्रशासन ने सरयू नदी के किनारे जल सत्याग्रहियों पर लाठीचार्ज किया। फिर तत्कालीन सदर सांसद योगी आदित्यनाथ के प्रयासों से कम्हरिया घाट पर पक्के पुल का निर्माण फरवरी 2014 से शुरू हुआ जो जुलाई 2022 में जाकर के पूरा हुआ।