Mar 3, 2020
दिल्ली हिंसा के दौरान पुलिसकर्मी पर पिस्टल तानने वाले शाहरुख को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। दिल्ली की क्राइम ब्रांच टीम ने शाहरुख को उत्तर प्रदेश के बरेली से अरेस्ट किया है। फिलहाल, उससे पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही उसको शरण देने वाले लोगों की खोजबीन शुरू हो गई है।
शाहरूख की तलाश में जुटी थी क्राइम ब्रांच टीम
दिल्ली हिंसा के दौरान 24 फरवरी को जाफराबाद इलाके में एक युवक ने 8 राउंड गोलीबारी की थी। इस शख्स ने गोलीबारी के दौरान एक पुलिस कर्मी पर पिस्टल भी तान दिया था। गोलीबारी करते हुए यह शख्स फिर भीड़ में गायब हो गया था। इस शख्स की शिनाख्त शाहरुख के रूप में हुई थी। दिल्ली पुलिस कई दिनों से शाहरुख की खोज में लगी हुई थी। बताया जा रहा था कि वह दिल्ली के थाना उस्मानपुर का निवासी है, लेकिन घटना के बाद से ही वह अपने परिवार के साथ फरार चल रहा था। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच टीम उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
बरेली में छिपा हुआ था शाहरूख
अपराध शाखा को खबर मिली कि शाहरुख बरेली में छिपा हुआ है। इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस और दिल्ली पुलिस ने मिलकर शाहरुख को अरेस्ट कर लिया है। फिलहाल उससे पूछताछ की जा रही है। इसके साथ ही शाहरुख के मददगारों की भी खोज शुरू हो गई है।