Aug 28, 2022
UP के हरदोई जिले के गर्रा नदी में किसानों से भरी एक ट्राली गिरने के बाद रविवार सुबह 7 किसानों के शव बरामद किए गए। इससे पहले पुलिस ने देर रात ट्रैक्टर चालक मुकेश का शव बरामद किया था। ट्राली में करीब 25-30 किसान थे। इनमें से 13 किसान तैरकर सुरक्षित बाहर आ गए थे। घटना के बाद से ही NDRF और SDRF की टीमें बचाव कार्य में लगी हैं।
पूरा हुआ रेस्क्यू मिशन
जिलाधिकारी अवनीश कुमार ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो चुका है। नदी से अब तक कुल 8 शव निकाले जा चुके हैं। इनमें से सात शव नदी में गिरे किसानों के हैं, वहीं 1 ट्रैक्टर चालक का है। पुलिस ने ये स्पष्ट किया है कि सभी की मौत नदी में डूबने से हुई है। अपर जिलाधिकारी वंदना त्रिवेदी ने बताया कि घटना निजामपुर ब्रिज पर उस समय हुई, जब तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्राली पुल की रेलिंग तोड़कर नदी में गिर गई। नदी में गिरते ही ट्रैक्टर-ट्रॉली अलग हो गए। उन्होंने कहा कि ट्रैक्टर मिल गया है, मगर ट्रॉली नहीं मिली है।
सीएम ने जताया शोक
यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने घटना पर दुख जाहिर किया है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस को बचाव अभियान चलाने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री ने घायलों को सभी सुविधाएं मुहैया कराने के साथ ही उनके शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की।
पूरा मामला
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम बेगराजपुर से करीब 22 किसान निजामपुर पुलिया स्थित मंडी में ट्रैक्टर-ट्रॉली से खीरा बेचने गए थे। वापस लौटते समय दो किसान रामलीला चौराहे पर उतर गए थे। इसके बाद गर्रा पुल के निकट ट्रैक्टर का बायां पहिया निकल गया था। इसके कारण ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर गर्रा पुल की रेलिंग तोड़कर नीचे जा गिरी थी। एनडीआरएफ और एसडीआरएफ ने देर रात ट्रैक्टर चालक का शव बरामद किया था। रविवार सुबह सात शव नदी से निकाले गए। पुलिस ने बताया कि नदी का जलस्तर ज्यादा होने से बचाव अभियान चलाने में दिक्कतें आयीं।








