Aug 28, 2022
उत्तर प्रदेश के नोएडा में स्थित ट्विन टावर को गिराने को लेकर बयानबाजी का सिलसिला शुरु हो चुका है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मामले में समाजवादी पार्टी पर गंभीर आरोप लगाते हुए ट्वीट किया है। अपने ट्वीट में उन्होंने कहा कि नोएडा का ट्विन टावर सपा के भ्रष्ट नीतियों का साक्षी है। इसके साथ ही उन्होंने सीएम योगी की तारीफों के पुल भी बांधे। वहीं सपा की ओर से इस ट्वीट का जवाब भी आया है। गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट ने नोएडा के सेक्टर 93A में स्थित ट्विन टावर को ध्वस्त करने का आदेश जारी किया था। आज दोपहर ढाई बजे इसे गिरा दिया जाएगा।
सपा के कुकर्मों का प्रतीक ट्विन टावर
राज्य के डिप्टी सीएम ने ट्विन टावर को ध्वस्त करने को लेकर सपा पर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर लिखा,"नोएडा का सुपरटेक ट्विन टावर समाजवादी पार्टी के भ्रष्टाचार और अराजकता की नीति का जीता जागता प्रमाण है।" इसके बाद सीएम योगी की तारीफ करते हुए उन्होंने लिखा,"आज मुख्यमंत्री
योगी आदित्यनाथ जी के शासनकाल में सपा के कुकर्मों की प्रतीक यह अवैध इमारत जमींदोज हो रही है। यह है न्याय, यही सुशासन।"
सपा ने दिया जवाब
डिप्टी सीएम के इस ट्वीट का जवाब देते हुए सपा नेता अनुराग भदौरिया ने कहा,"आज यूपी की भाजपा सरकार पूरी तरह से भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। भ्रष्टाचार करने वालों को सिर्फ चारों तरफ भ्रष्टाचार दिखाई पड़ता है। जो सरकार जनता की नजर में गिर गई हो, वो जब गिरने और गिराने की बात करे तो हास्यास्पद लगता है।"
कुछ सेकेंड में मलबा बनेगा टावर
नोएडा के सेक्टर 93A में स्थित ट्विन टावर को रविवार दोपहर 2:30 बजे गिरा दिया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी एडिफाइस नाम की कंपनी को मिली है। ये फैसला सुप्रीम कोर्ट ने सुनाया है। दरअसल, अदालत ने एमराल्ड कोर्ट सोसायटी परिसर में स्थित इन टावर के निर्माण में मानदंडों का उल्लंघन पाया था। इसी फैसले के चलते इस अवैध निर्माण को महज 15 सेकंड से भी कम समय में 'वाटरफॉल इम्प्लोजन' तकनीक से ढहा दिया जाएगा।








