Loading...
अभी-अभी:

ट्विन टावर केस: ध्वस्तीकरण की तैयारियां पूरी, लोगों को मिली ये हिदायत, CMO ने जारी की हेल्थ एडवाइजरी

image

Aug 28, 2022

नोएडा के सेक्टर 93A में स्थित ट्विन टावर को रविवार दोपहर 2:30 बजे गिरा दिया जाएगा। इसकी सारी तैयारियां पूरी हो चुकी है। इसकी जिम्मेदारी एडिफाइस नाम की कंपनी को मिली है। इस प्रक्रम में 3700 किलोग्राम से अधिक एक्सप्लोसिव का इस्तेमाल होगा। 'वाटरफॉल इम्प्लोजन' तकनीक से महज 15 सेकंड में ये टावर ढहा दिया जाएगा। इस बीच ट्विन टावर के आसपास के सोसाइटी से लोगों को इवेक्युएट किया गया। बता दें कि ट्विन टावर गिराए जाने के दौरान आसपास के लोगों को कई स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां हो सकती हैं। इसलिए गौतमबुद्ध नगर के मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से इसको लेकर स्वास्थ्य संबंधी सलाह भी जारी की गई है। 

दरअसल, सुप्रीम कोर्ट ने एमराल्ड कोर्ट सोसायटी परिसर में स्थित इन टावर के निर्माण में मानदंडों का उल्लंघन पाया था। इसके चलते अदालत ने ये फैसला लिया था।         

लोगों को मिली ये हिदायत

प्रोजेक्ट मैनेजर मयूर मेहता के अनुसार धमाके से हल्के भूकंप के बराबर भी झटका महसूस नहीं होगा। लोगों को हिदायत के तौर पर कहा गया है कि वे टीवी से प्लग निकाल दें और कांच के सामान अंदर रख लें। हवा के दबाव से कांच की चीजें टूट सकती हैं। ब्लास्ट से धूल होगी, लेकिन कितनी, इसका अनुमान नहीं लगाया जा सकता है। मैनेजर ने कहा,"टावर के ऊपर 10 किलोमीटर इलाके को नो-फ्लाई जोन बनाने के लिए कहा गया है। आसपास की सड़कों पर आवाजाही बंद रहेगी। दोपहर दो बजे काउंटडाउन शुरू होगा। वहीं 2.30 बजे एक रिमोट बटन दबाते ही दोनों टावर मलबे में बदल जाएंगे।" 

ट्विन टावर गिराए जाने के दौरान आसपास की सोसाइटी में रहने वाले लोगों को अपनी छतों और बालकनी पर जाने की इजाजत नहीं है। लोगों को निर्देश दिया गया है कि विस्फोट से पहले एमराल्ड कोर्ट में बनी दोनों सोसाइटी के लोगों को सुबह सात बजे तक अपने घरों को खाली करना होगा और शाम को प्रक्रिया पूरी होने पर ही लौटना होगा।  

हेल्थ रिलेटेड एडवाइजरी

गौतमबुद्ध नगर के CMO ने बताया कि ट्विन टावर गिराए जाने के दौरान आसपास के लोगों को कई स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। इसलिए उन्होंने एक हेल्थ एडवाइजरी जारी की है। इसमें उन्होंने कहा कि, बिल्डिंग गिराए जाने के दौरान आंख, नाक और चेहरे में जलन, शरीर में दर्द, सीने में जकड़न, अनियमित दिल की धड़कन, खांसी आना, नाक बहना, नाक में जकड़न, जी मिचलाना, पेट दर्द जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। इससे बचने के लिए सभी खिड़की दरवाजे बंद रखें, घर के पूरे फर्श को वैक्यूम क्लीनर या गीले पोंछे से पूरी तरह साफ करें, ध्वस्तीकरण के बाद घर की सभी चादरों आदि को धुल लें, भोजन व पानी पीने से पहले हाथ-पैर एवं नाखूनों को अच्छे से साफ करें, फेस मास्क व आंखों के लिए चश्मे का प्रयोग करें, बाहरी भोजन करने से बचें।