Loading...
अभी-अभी:

अगर पीएम को सरकार गिराने से फुर्सत मिल गई हो तो उन्हें कोरोना पर भी बोल देना चाहिए : प्रियंका गांधी वाड्रा

image

Mar 12, 2020

खतरनाक कोरोना वायरस को लेकर पूरी दुनिया खौफ में है। भारत में खबर लिखे जाने तक 73 मामले सामने आ चुके हैं। कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों और शेयर बाजार में भारी गिरावट पर कांग्रेस ने मोदी सरकार को घेरने का प्रयास किया है। कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि अगर पीएम को सरकार गिराने से फुर्सत मिल गई तो उन्हें इस विषय (कोरोना) पर बोलना चाहिए।

सेंसेक्स धड़ाम से गिर चुका है : प्रियंका गांधी वाड्रा
प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपने ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा कि, 'सेंसेक्स धड़ाम से गिर चुका है। WHO ने कोरोना वायरस को महामारी करार दिया है। लोगों में अफरातफरी मची है। PR स्टंट में कुशल प्रधानमन्त्रीजी को अगर चुनी हुई सरकार गिराने से फुर्सत मिल गई हो तो देश के लिए जरूरी इस विषय पर भी बोल दें।'  वहीं, कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि देश की आजादी के बाद से यह निवेशकों के लिए सबसे बुरा दिन है। एक दिन में 11 लाख करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। यह आम आदमी का पैसा है, जिन्होंने म्यूचुअल फंड या अन्य शेयरों में पैसा लगाया है। अर्थववस्था को कोरोना वायरस हो गया हैै।
 
अस्पतालों में सैनिटाइजर और मास्क उपलब्ध नहीं 

मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए रणदीप सुरजेवाला ने कहा कि कोरोना वायरस पर लगाम लगाने के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदम पर्याप्त नहीं हैं। सरकार के पास रोकथाम के लिए कोई रणनीति नहीं है। हैंड सैनिटाइजर और मास्क की कालाबाज़ारी की जा रही है। अस्पतालों में सैनिटाइजर और मास्क उपलब्ध नहीं है।