Loading...
अभी-अभी:

विधिवत हवन, पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चारण गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के खुले कपाट

image

May 8, 2019

देवभूमि उत्तराखंड के उच्च गढ़वाल हिमालयी क्षेत्र में स्थित विश्व विख्यात गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट मंगलवार को अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए खोले जा चुके हैं और इसी के साथ इस साल की चारधाम यात्रा की शुरुआत हो गई। गढ़वाल हिमालय के चारधामों के नाम से विख्यात दो अन्य धामों, केदारनाथ के कपाट नौ मई को और बदरीनाथ के कपाट 10 मई को खुलेंगे।

अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़

इससे पहले आज विधिवत हवन, पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चारण और धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ मां गंगा के धाम गंगोत्री के कपाट पूर्वाहन 11.30 बजे खोले गए। कपाट खुलने के मौके पर काफी संख्या में श्रद्धालु मंदिर परिसर में उपस्थित थे जिन्होंने मां गंगा के नाम के जयकारे लगाए। इस अवसर पर गढ़वाल आयुक्त डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम आदि आला प्रशासनिक और धार्मिक अधिकारी उपस्थित थे।

मां यमुना की भव्य रूप से सजाई हुई डोली यमुनोत्री के लिए निकली

वहीं, मां यमुना को समर्पित यमुनोत्री धाम के कपाट भी दोपहर बाद सवा बजे पर श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। केंद्रीय मंत्री उमा भारती भी यमुनोत्री के समीप बर्नीगाड़ पहुंची, जहां उन्होंने यमुना में स्नान किया। इससे पहले, यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल खरसाली से मां यमुना की भव्य रूप से सजाई हुई एक डोली यमुनोत्री के लिए निकली। रवाना होने से पूर्व वहां के लोगों ने पारंपरिक लोक नृत्य किया।