Nov 12, 2016
भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि खेलों को भी साफ सुथरा और पारदर्शी बनाने के लिये इसमें भी सर्जिकल स्ट्राइक कराये जाने की जरूरत है। मुख्यमंत्री ने ओलंपिक रजत पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू के सम्मान में गुरुवार को आयोजित समारोह के दौरान यह बात कही। चौहान ने सिंधू को उनकी मां और कोच पुलेला गोपीचंद की उपस्थिति में सम्मानित करते हुये 50 लाख रुपये का चैक प्रदान किया।
उन्होंने इस अवसर पर कहा, पाकिस्तान के खिलाफ और हाल में काले धन पर किये गये सर्जिकल स्ट्राइक के बाद अब खेलों पर भी सर्जिकल स्ट्राइक किये जाने की जरूरत है। ऐसा इसलिये क्योंकि विभिन्न खेल संघों के महत्पूर्ण पदों पर ऐसे व्यक्तियों का कब्जा है जो खेलों के बारे में न तो ज्यादा जानते हैं और न ही इसके विकास के लिये कुछ करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, खेल संघों के अहम पदों पर ये लोग मात्र भीड़ इकट्ठा करते हैं। इन लोगों को तत्काल निकालकर खेल के प्रति प्रतिबद्ध लोगों को ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जानी चाहिये।