Feb 25, 2023
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 3 मार्च को आएंगी भोपाल
भोपाल, दोपहर मेट्रो राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु 3 मार्च को भोपाल आएंगी। वे 7वें अंतर्राष्ट्रीय धर्म- धम्म सम्मेलन का शुभारंभ करेंगी। सम्मेलन में 16 देश के प्रतिनिधि और 6 देश के संस्कृति मंत्री भी शामिल होंगे। आयोजन को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय स्तर के सम्मेलन की व्यवस्थाएं ऐसी हों, जिसमें मध्यप्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर प्रभावी रूप से परिलक्षित हो।
विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधि मध्यप्रदेश की सुखद स्मृतियां लेकर अपने देशों में लौटे और मध्यप्रदेश की सकारात्मक छवि वैश्विक स्तर पर निर्मित हो । प्रवासी भारतीय सम्मेलन के समान ही इस आयोजन की तैयारियां की जाए। मुख्यमंत्री ने स्टेट हैंगर पर मीटिंग की। इसमें प्रमुख सचिव मनीष रस्तोगी, प्रमुख सचिव संस्कृति सुखबीर सिंह, प्रमुख सचिव अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण पल्लवी जैन गोविल, डीजीपी सुधीर सक्सेना, प्रमुख सचिव जनसंपर्क राघवेंद्र सिंह और सांची बौद्ध विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. नीरजा गुप्ता उपस्थित थीं।
राष्ट्रपति के मध्यप्रदेश आगमन और सम्मेलन को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को भोपाल में मीटिंग की। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की। राष्ट्रपति के मध्यप्रदेश आगमन और सम्मेलन को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को भोपाल में मीटिंग की। उन्होंने तैयारियों की समीक्षा की।
7वां अंतर्राष्ट्रीय धर्म-धम्म सम्मेलन 3 से 5 मार्च तक कुशाभाऊ ठाकरे सभागार में होगा। राष्ट्रपति की उपस्थिति में 3 मार्च को दोपहर 12.15 बजे से शुरू होने वाले शुभारंभ - सत्र में राज्यपाल मंगुभाई पटेल और मुख्यमंत्री चौहान शामिल रहेंगे। शुभारंभ - सत्र में श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के स्वामी गोविंददेवगिरि जी महाराज का उद्बोधन भी होगा।