Jun 8, 2025
गौर नदी पर बनेगा 1400 करोड़ का बांध, कुंडम और मंडला के गांवों को मिलेगा बड़ा फायदा
जबलपुर। मध्य प्रदेश सरकार ने आदिवासी क्षेत्र कुंडम के लिए बड़ी सौगात का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गौर नदी पर 1400 करोड़ की लागत से बांध निर्माण की घोषणा की है। इससे जबलपुर के कुंडम और मंडला जिले के गांवों को सिंचाई और पीने के पानी में मदद मिलेगी। सीएम ने कुंडम के सांदिपनी विद्यालय और नए आईटीआई भवन का लोकार्पण भी किया। कार्यक्रम में लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन पर बोनस देने की घोषणा भी हुई। सीएम ने पर्यावरण संरक्षण के लिए नीम का पौधा लगाकर जन-जागरूकता का संदेश दिया। यह परियोजना क्षेत्र में कृषि, तकनीकी शिक्षा और औद्योगिक विकास को गति देगी।
1400 करोड़ की सिंचाई परियोजना से बदलेगा ग्रामीण परिदृश्य
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि गौर नदी पर बनने वाला यह बांध न केवल जल संरक्षण को बढ़ावा देगा, बल्कि सिंचाई व्यवस्था को भी मजबूत बनाएगा। इससे सैकड़ों गांवों को लाभ मिलेगा और किसानों की फसलों को स्थायी जल स्रोत उपलब्ध होगा।
शिक्षा और तकनीकी विकास की भी सौगात
मुख्यमंत्री ने कुंडम के नवनिर्मित सांदिपनी विद्यालय और आईटीआई भवन का लोकार्पण करते हुए कहा कि सरकार चाहती है कि आदिवासी अंचलों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिले। उन्होंने कहा कि यह विद्यालय विश्वस्तरीय बन सके, इसके लिए सरकार प्रतिबद्ध है।
लाड़ली बहनों को रक्षाबंधन पर मिलेगा तोहफा
मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहना योजना के तहत राशि बढ़ाने की घोषणा करते हुए कहा कि रक्षाबंधन से बहनों को अतिरिक्त बोनस मिलेगा। इस मौके पर विभिन्न योजनाओं के तहत लाभार्थियों को चेक और प्रमाणपत्र वितरित किए गए।
‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत किया पौधरोपण
पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए मुख्यमंत्री ने नीम का पौधा लगाया और सभी से अपील की कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण के उदाहरण से शिक्षा की अहमियत को भी रेखांकित किया।
प्रमुख उपस्थितजन:
विधायक अजय विश्नोई, अशोक रोहाणी, संतोष बरकड़े, जिला पंचायत अध्यक्ष आशा गोंटिया, भाजपा ग्रामीण अध्यक्ष राजकुमार पटैल और नंदनी मरावी शामिल रहे।