Loading...
अभी-अभी:

Global Investor Summit: मोदी ने की ब्रांडिंग, निवेशकों से कहा मप्र गजब व सजग

image

Jan 11, 2023

फ्यूचर रेडी थीम पर इंदौर में मप्र सरकार की ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट 

लंबे अंतराल के मप्र सरकार की ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट आज यहां शुरू हुई तो औद्योगिक विकास के नये सपने ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर में अंगडाई लेते नजर आए। महामारी के तीसरे दौर के बाद अनुकूल नजर आती परिस्थितियों के बीच सरकार ने देश के ख्यात उद्योगपतियों के लिये रेड कारपेट बिछा दिया तथा बेहतर व लचीली नीतियों और संकल्पों की ब्रांडिंग भी की। शिवराज सरकार का फोकस इस बार ऑटोमोबाइल, टेक्सटाइल और फार्मा सेक्टर पर है। इस मौके पर वचुअल शामिल हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में मप्र की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। मप्र आस्था, आध्यात्म से लेकर पर्यटन, स्किल और एजुकेशन में अजब भी है, गजब भी है और सजग भी है। ये समिट तब हो रही है जब भारत की आजादी का अमृत काल शुरू हो चुका है। कृषि, शिक्षा से लेकर सभी क्षेत्रों में विकसित भारत के निर्माण में मध्यप्रदेश की भूमिका महत्वपूर्ण है। वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने निवेशको ने कहा मप्र ने पलक पावड़े बिछाकर आपका स्वागत किया है। मांडने बने हैं, रोशनी से शहर सजा है। मैं प्रदेश की जनता की ओर से सभी का स्वागत करता हूं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मनिर्भर बन रहा है।

ज्यादातर इंवेस्टर्स को पसंद है भारत: मोदी
पीएम मोदी ने वर्चुअली समिट का उद्घाटन करने के बाद कहा कि हम सभी मिलकर विकसित भारत के निर्माण के लिए जुटे हुए हैं। जब हम विकसित भारत की बात करते हैं। तो ये हमारा सिर्फ एस्पीरेशन नहीं बल्कि भारतीय का संकल्प है। भारत विश्व के कई देशों से बहुत अच्छी स्थिति में है। भारत इस साल जी 20 ग्रुप में भी बढ़ती हुई इकॉनोमी वाला देश है। एक ताजा सर्वे में बताया गया कि विश्व के ज्यादातर इनवेस्टर्स भारत को पसंद कर रहे हैं। भारत इज ऑफ लिविंग एंड इज ऑफ बिजनेस पर काम कर रहा है। मोदी ने कहा कि एक निर्णायक सरकार, सही नीयत से चलने वाली सरकार ही विकास को गति दिखाती है। विकास के लिए सभी फैसले उतनी ही तेजी से लिए जाते हैं। आपने भी देखा है हमने बीते 8 वर्षों में रिफॉर्म की स्पीड को बढ़ाया है। वर्ल्ड बैंक का मानना है कि भारत के पास अन्य देशों के मुकाबले आर्थिक चुनौतियों से निपटने क्षमता बहुत अधिक है। जी 20 ग्रुप में इस साल भारत सबसे तेज बढती अर्थव्यवस्था होगी। हमने सिंगल विंडो सिस्टम शुरू किया। जिससे मप्र जुड़ चुका है। इससे अभी तक लगभग 50 हजार स्वीकृतियां दी जा चुकी हैं।

अड़ानी, बिडला ने दिए निवेश प्रस्ताव
अडानी ग्रुप ने मध्यप्रदेश में निवेश का प्रस्ताव दिया। आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा, अगले 5 साल में 15 हजार करोड़का निवेश मप्र में करेंगे। आदित्य बिड़ला ग्रुप हर कदम मध्यप्रदेश के साथ चलेगा। एन चंद्रशेखर ने कहा, टाटा ग्रुप मध्यप्रदेश में विभिन्न सेक्टर्स में इन्वेस्ट करने को लेकर विचार कर रहा है।

पीयूष गोयल बोले- मप्र उभरता हुआ हीरा है: केन्द्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि मध्यप्रदेश भी हमारा एक उभरता हुआ हीरा है और मेरा पूरा विश्वास है, अटूट विश्वास है मप्र आगे चलकर देश की अर्थव्यवस्था को गति भी देगा। नए-नए अवसरों के साथ उद्योग जगत को आमंत्रण भी करेगा। उन्होंने कहा- मध्यप्रदेश के लिए यह सही समय है। इनवेस्टर्स के लिए यह अच्छा समय है। मध्यप्रदेश तेजी से ग्रोथ कर रहा है।

नई थीम नया उत्साह
इस बार ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट में 65 देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम की शुरुआत में मप्र के मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव ने मंचासीन अतिथियों का अंगवस्त्र देकर स्वागत किया। 'फ्यूचर रेडी मप्र थीम पर आयोजित हो रहे समिट में पर्यावरण संरक्षण का पूरा ध्यान रखा गया है। यह पूरी तरह 'कार्बन न्यूट्रल' और 'जीरो वेस्ट' पर आधारित है। दो दिनी इनवेस्टर्स समिट में देश और विदेश के निवेशकों को राज्य में लाने के लिए मध्यप्रदेश में औद्योगिक निवेश के लिए अनुकूल वातावरण की तमाम परिस्थितियों का प्रदर्शन किया जाएगा।

अब तक डेढ लाख करोड़ के करार 'साकार': इससे पहले शिवराज सरकार के कार्यकाल में हुई 6 समिट में 17 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव आए, जिसमें से जमीन पर डेढ़ लाख करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट उतरे हैं। सरकार का दावा है कि पिछले 15 साल में समिट के माध्यम से मध्यप्रदेश में आए निवेश से 2 लाख 37 हजार से ज्यादा लोगों को रोजगार मिला है।

समिट में शामिल उद्योग जगत के दिग्गजः कुमार मंगलम बिड़ला, चेयरमैन आदित्य बिड़ला ग्रुप, नोयल एम टाटा, चेयरमैन टाटा इंटरनेशनल, प्रणव अडानी, एमडी अडानी ऑइल एग्रो एंड गैस, संजीव पुरी, सीएमडी, आईटीसी, संजय किर्लोस्कर, सीएमडी, किर्लोस्कर ब्रदर्स, अजय पिरामल, पिरामल इंटरप्राइजेस, संजीव बजाज, सीएमडी, बजाज फिनसर्व, राघवपत सिंघानिया, एमडी, जेके सीमेंट, संजीव मेहता, सीएमडी, हिंदुस्तान यूनिलीवर, नादिर गोदरेज, गोदरेज इंडस्ट्रीज, अभय फिरोदिया, चेयरमैन, फोर्स मोटर्स, पुनीत डालमिया, एमडी डालमिया भारत ग्रुप, एसएन सुब्रमनियम, सीएमडी, एलएंडटी एम ए युसूफ अली, सीएमडी, लूलू ग्रुप, राकेश भारती मित्तल, वाइस चेयरमैन, भारती इंटरप्राइजेस, डॉ. नरेश त्रैहान, चेयरमैन मेदांता ग्रुप