Loading...
अभी-अभी:

कूनो में चीता प्रोजेक्ट को फिर झटका: वीरा का 10 महीने का शावक मृत मिला, एक दिन पहले ही CM ने छोड़ा था जंगल में

image

Dec 6, 2025

कूनो में चीता प्रोजेक्ट को फिर झटका: वीरा का 10 महीने का शावक मृत मिला, एक दिन पहले ही CM ने छोड़ा था जंगल में

भोपाल। कूनो नेशनल पार्क में दक्षिण अफ्रीका से लाई गई मादा चीता वीरा के 10 महीने के शावक का शव शुक्रवार दोपहर पारोंद क्षेत्र के जंगल में मिला। चौंकाने वाली बात यह है कि इसी शावक को मां वीरा और उसके भाई-बहन के साथ महज एक दिन पहले यानी गुरुवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने बड़े समारोह के बीच खुले जंगल में रिलीज किया था।

घटना का क्रम

गुरुवार देर रात शावक अपनी मां से बिछड़ गया। शुक्रवार सुबह से ही ट्रैकिंग टीम ने तलाश शुरू की, लेकिन दोपहर बाद उसका शव मिला। फील्ड डायरेक्टर उत्तम कुमार शर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शरीर पर किसी तरह की चोट या संघर्ष के निशान नहीं मिले। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। मां वीरा और दूसरा शावक पूरी तरह सुरक्षित हैं तथा उनकी 24 घंटे निगरानी हो रही है।

अब कूनो में सिर्फ 28 चीते बचे

इस मौत के बाद कूनो में चीतों की कुल संख्या घटकर 28 रह गई है। इनमें 8 वयस्क (5 मादा, 3 नर) और भारत में जन्मे 20 शावक शामिल हैं।

पिछले ढाई साल में 12 चीतों की मौत

चीता पुनर्स्थापना परियोजना शुरू होने के बाद से अब तक कूनो में कुल 12 चीते मर चुके हैं। इनमें साशा, उदय, दक्षा, तेजस, सूरज सहित कई वयस्क और ज्वाला के तीन शावक शामिल हैं। अधिकांश मौतों के कारण किडनी इन्फेक्शन, हार्ट अटैक, मेटिंग के दौरान चोट, आपसी संघर्ष और भीषण गर्मी-डिहाइड्रेशन बताए गए हैं।

परियोजना से जुड़े अधिकारी इस नई घटना की गहन जांच कर रहे हैं और शावकों की रिलीज प्रक्रिया व निगरानी व्यवस्था की समीक्षा की जा रही है।

Report By:
Monika