Loading...
अभी-अभी:

दिल्ली दौरे ने बढ़ाई सियासी हलचल, मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-मंडल नियुक्तियों की अटकलें चरम पर

image

Nov 17, 2025

दिल्ली दौरे ने बढ़ाई सियासी हलचल, मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-मंडल नियुक्तियों की अटकलें चरम पर

भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के अचानक दिल्ली दौरे ने प्रदेश की सियासत में भूचाल ला दिया है। रविवार को दिल्ली पहुंचते ही मंत्रिमंडल फेरबदल और निगम-मंडलों में नियुक्तियों को लेकर चल रही चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। राजधानी से लेकर जिलों तक मंत्री पद और निगम-मंडल की कुर्सी के दावेदारों की धड़कनें तेज हो गई हैं।

मंत्रिमंडल में बड़े बदलाव की सुगबुगाहट

सूत्रों के अनुसार सीएम मोहन यादव ने सभी मंत्रियों से उनके विभागों की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। कुछ वरिष्ठ मंत्रियों के कामकाज से पार्टी हाईकमान पूरी तरह संतुष्ट नहीं है। संभावित फेरबदल में दो दिग्गज नेताओं के अलावा दो महिला नेताओं को भी जगह मिल सकती है। सबसे चर्चित नाम पूर्व विपक्ष के नेता और प्रदेश के वरिष्ठतम नेता गोपाल भार्गव का है, जिन्हें फिर से मंत्री बनाने की पुरजोर सुगबुगाहट है।

निगम-मंडलों की सूची अंतिम चरण में

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और सीएम मोहन यादव के बीच सहमति से निगम-मंडलों में नियुक्तियों की सूची लगभग तैयार हो चुकी है। बिहार विधानसभा चुनाव के कारण इसमें देरी हुई थी, लेकिन अब मामूली संशोधन के बाद जल्द ही घोषणा होने की उम्मीद है। कई वरिष्ठ नेताओं को इसी में समायोजित करने की योजना है।

दिल्ली में क्या हुआ?

आधिकारिक बयान के मुताबिक सीएम यादव ने केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर से सिंहस्थ-2028 की तैयारियों पर चर्चा की। हालांकि सियासी गलियारों में मानना है कि यह दौरा सिर्फ सिंहस्थ तक सीमित नहीं था। माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल विस्तार और निगम-मंडल नियुक्तियों पर अंतिम मुहर लगवाने दिल्ली जाना पड़ा। सोमवार शाम तक भी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, जिससे उत्सुकता और बढ़ गई है।

Report By:
Monika