Jan 13, 2023
भोपाल. मप्र कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने अब रिक्त पड़े सरकारी पदों पर सीधी भर्ती का वादा किया है। आज राष्ट्रीय युवा दिवस पर नाथ ने कहा कि कांग्रेस की मप्र में सरकार बनने के बाद छह महीने के भीतर सीधी भर्ती से पद भरे जायेंगे और परीक्षाओं के लंबित परिणाम भी तीन महीने में घोषित कर दिये जायेंगे। उन्होंने सीधी भर्ती के लिये युवाओं को आयुसीमा में छूट देने का भी ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि चयन के बाद समयसीमा में नियुक्ति देकर वरिष्ठता का लाभ भी सुनिश्चित किया जायेगा।
सिवनी में करंट से बाघ का शिकार हुआ
अब शिकारियों ने बिजली का करंट लगाकर वन्य प्राणियों के शिकार के तहत 11 केवी बिजली लाइन से फैलाए गए करंट से वयस्क नर बाघ को मार दिया है। वन अमले ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। यह मामला दक्षिण सामान्य वनमंडल के रूखड वन परिक्षेत्र की दरासी बीट के बरकमपाठ गांव का है। वन अमला को गश्ती के दौरान चौपर नाला से लगे जंगल व खेत की सीमा पर बाघ का शव दिखाई दिया। इसकी जानकारी वरिष्ट अधिकारियों को दी गई। उसके बाद मौके पर पहुंचकर डॉक्टर अखिलेश मिश्रा ने बाघ के शव का पोस्टमार्टम किया। रेंजर दानिस उइके ने बताया कि घटनास्थल पर 11 केवी बिजली लाइन से करंट फैलाने के साक्ष्य मिले हैं।
राजस्थान में अब 7 नए जिले, तीन संभाग
चुनावी साल में राज्य की गहलोत सरकार ने प्रदेश में सात जिले और तीन संभाग बनाने की कवायद तेज कर दी है। नए जिलों के लिए सेवानिवृत्त आईएएस डॉ. रामलुभाया की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने अपनी रिपोर्ट सौंप दी है। सूत्रों के अनुसार राज्य सरकार ब्यावर, बालोतरा, भिवाडी, नीम का थाना, कुचामन सिटी, सुजानगढ़ और फलौदी को जिले बनाने की घोषणा करेगी जबकि सीकर, बाडमेर और चितौडगढ को नया संभाग मुख्यालय बनाया जाएगा। कोटा में प्रदेश की तीसरी पुलिस कमिश्नरेट बनाई जाएगी। माना जा रहा है कि नए जिलों और तीन संभागों के गठन के बाद प्रदेश की भौगोलिक तस्वीर बदल जाएगी।








