Sep 3, 2022
उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष रितु खंडूरी ने कहा कि भर्ती घोटाले के मामले में मीडियाकर्मियों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मामले में महीने भर के अंदर जांच होगी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। बता दें कि रितु खंडूरी ने आज एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। उन्होंने मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि वो 2-3 दिन मामले पर विचार कर रही थी। बता दें कि कांग्रेस प्रदर्शन के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने रितु खंडूरी को पत्र लिखकर मामले में कार्रवाई करवाने की बात की थी।
जांच के लिए विशेष कमेटी का गठन
इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में रितु खंडूरी ने कहा कि जांच के लिए एक विशेष कमेटी का गठन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस समिति के अध्यक्ष सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी दिलीप कुमार होंगे, और इसके सदस्य IAS सुरेंद्र रावत और अवनेंद्र सिंह होंगे। सचिव को एक महीने की छुट्टी पर भेजा गया है और जांच पूरी होने तक वो अवकाश पर ही रहेंगे। इस एक महीने के अंदर 2012 से अब तक हुई भर्तियों की जांच होगी। जांच के बाद सख्त नियम बनाए जाएंगे जिसका सभी को पालन करना होगा।
विपक्ष ने किया हंगामा
विधानसभा भर्ती घोटाले को लेकर सियासत जारी है। मामले में विपक्षी दल लगातार सीएम धामी पर हमलावर हैं। शुक्रवार को कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने विधानसभा गेट के सामने प्रदर्शन किया था। कांग्रेस ने कहा कि नियम कायदों के खिलाफ जो नियुक्तियां हुई हैं, उन्हें रद्द कर देना चाहिए। इस विरोध प्रदर्शन में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, बद्रीनाथ से विधायक राजेंद्र भंडारी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने मौजूदगी दर्ज की। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के दौरान बड़े नेताओं के करीबियों और परिजनों को विधानसभा में नौकरी मिल गई। उन सबकी जांच होनी चाहिए।