Loading...
अभी-अभी:

अंबागढ चौकीः घायल महिला नक्सली गिरफ्तार, मुठभेड़ के दौरान कमर में लगी थी गोली

image

Oct 14, 2019

शनिवार सुबह मानपुर इलाके के बुकमरका जंगल में हुए नक्सली मुठभेड़ में राजनांदगांव जिले की फोर्स को एक और कामयाबी मिली है। बस्तर के सुकमा जिले से ताल्लुक रखने वाली खूंखार नक्सली सदस्य कमला को मुठभेड़ के दौरान कमर में गोली लगी थी। इसके बाद महिला नक्सली सुडियाल गांव में इलाज करवा रही थी। इस दौरान सुरक्षा बल के जवानों ने देर रात उसे गिरफ्तार कर लिया। घायल महिला नक्सली की स्थिति गंभीर बताई जा रही है जिसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर में प्राथमिक उपचार के बाद राजनंदगांव मेडिकल कॉलेज के लिए रिफर कर दिया गया है।

महिला नक्सली सूड़ियाल के अस्पताल में करा रही थी इलाज

जानकारी के मुताबिक, मोहला मानपुर क्षेत्र में बुकमरका के जंगलों में 12 अक्टूबर को सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हो गई थी। नक्सलियों की मौजूदगी होने की सूचना पर जवान सर्चिंग पर निकले थे। इस दौरान घात लगाकर बैठे नक्सलियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाब में जवानों ने भी फायरिंग की। करीब एक घंटे चली इस मुठभेड़ के बाद नक्सली भाग निकले थे। मौके से जवानों ने आईईडी सहित अन्य सामान बरामद किया था। मुठभेड़ के बाद जवानों ने कुछ नक्सलियों के घायल होने का भी दावा किया था। इस बीच रविवार देर रात पुलिस को सूचना मिली कि एक महिला नक्सली सूड़ियाल के अस्पताल में अपना इलाज करा रही है। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल महिला नक्सली को पुलिस उसे मानपुर लेकर आई। यहां मानपुर अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजनांदगांव रिफर कर दिया गया है। घायल महिला नक्सली का नाम कमला है और वह बस्तर के सुकमा जिले से यहां इलाज करानेे के लिए पहुंची थी।