Loading...
अभी-अभी:

साँची आएंगे श्रीलंका के राष्ट्रपति राजपक्षे : मंत्री पीसी शर्मा

image

Jan 7, 2020

भोपाल : श्रीलंका के राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे मध्यप्रदेश में साँची की यात्रा पर आएंगे। मुख्यमंत्री कमल नाथ के प्रतिनिधि अध्यात्म एवं जनसम्पर्क मंत्री पी.सी. शर्मा ने श्रीलंका के राष्ट्रपति को मुख्यमंत्री का आमंत्रण सौंपा, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार किया है।

बुद्धिस्ट चेटिंग सेंटर की स्थापना
मंत्री पीसी शर्मा ने प्रतिनिधि-मण्डल के साथ श्रीलंका के राष्ट्रपति से साँची में विश्व बौद्ध संग्रहालय, शिक्षण संस्थान, भिक्षु प्रशिक्षण केन्द्र और बुद्धिस्ट चेटिंग सेंटर की स्थापना पर विस्तार से चर्चा की। इस अवसर पर महाबोधि सोसायटी के अंतर्राष्ट्रीय अध्यक्ष भिक्खु वानगल उपतिस्स नायक थेरो, अपर मुख्य सचिव आध्यात्म मनोज श्रीवास्तव और सलाहकार व्ही.के. अमर उपस्थित थे।

कोलम्बो सीधी विमान-सेवा शुरू करने के प्रस्ताव पर सह​मति
मंत्री पीसी शर्मा ने बताया कि श्रीलंका के राष्ट्रपति राजपक्षे ने श्रीलंका में सीता मैय्या के मंदिर के जीर्णोद्धार के राज्य शासन के प्रस्ताव पर गंभीरता से विचार किया। उन्होंने बताया कि श्रीलंका और भारत के बीच लोक-संस्कृति पर आधारित कल्चरल एक्सचेंज प्रोग्राम के प्रस्ताव पर राष्ट्रपति राजपक्षे ने प्रसन्नता व्यक्त की। श्रीलंका के राष्ट्रपति ने भोपाल-कोलम्बो सीधी विमान-सेवा शुरू करने के प्रस्ताव पर भी सहमति व्यक्त की। पीसी शर्मा ने राष्ट्रपति राजपक्षे को राज्य सरकार की ओर से स्मृति-चिन्ह भेंट किया ​है।