Loading...
अभी-अभी:

भोपाल बनी देश की सबसे स्वच्छ राजधानी, इंदौर ने आठवीं बार मारी बाज़ी,स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 में मध्य प्रदेश का जलवा, उज्जैन, बुधनी और देवास को भी मिला सम्मान

image

Jul 17, 2025

भोपाल बनी देश की सबसे स्वच्छ राजधानी, इंदौर ने आठवीं बार मारी बाज़ी,स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 में मध्य प्रदेश का जलवा, उज्जैन, बुधनी और देवास को भी मिला सम्मान

स्वच्छ भारत अभियान के तहत भारत सरकार द्वारा घोषित स्वच्छता सर्वेक्षण-2024 के नतीजों में एक बार फिर मध्य प्रदेश ने देशभर में अपना परचम लहराया है। इंदौर लगातार आठवीं बार देश का सबसे स्वच्छ शहर बना है, वहीं भोपाल को देश की सबसे स्वच्छ राजधानी घोषित किया गया है। इससे पूरे प्रदेश में हर्ष का माहौल है। विज्ञान भवन, दिल्ली में आयोजित सम्मान समारोह में राष्ट्रपति ने भोपाल, इंदौर, देवास और शाहगंज जैसे शहरों को स्वच्छता के लिए सम्मानित किया। यह उपलब्धि मध्य प्रदेश की मजबूत नगर प्रबंधन और जनता की जागरूकता का प्रमाण है।

 भोपाल को मिली देश की सबसे स्वच्छ राजधानी की उपाधि

राजधानी भोपाल को इस बार स्वच्छता सर्वेक्षण में देशभर में दूसरा स्थान मिला है। पिछले साल जहां भोपाल को पांचवां स्थान मिला था, वहीं इस बार तीन पायदान की छलांग लगाकर शहर ने बड़ी उपलब्धि हासिल की है। खास बात यह रही कि राजधानी श्रेणी में भोपाल ने सभी अन्य राज्यों की राजधानियों को पीछे छोड़ते हुए ‘देश की सबसे स्वच्छ राजधानी’ का गौरव प्राप्त किया। यह सम्मान राजधानी में नगर निगम के संगठित प्रयास, कचरा प्रबंधन, जागरूकता अभियान और नागरिक भागीदारी का परिणाम है।

 इंदौर बना देश का सबसे स्वच्छ शहर

इंदौर ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए लगातार आठवीं बार देश का सबसे स्वच्छ शहर बनने का गौरव प्राप्त किया है। सर्वेक्षण में इंदौर को टॉप पर बनाए रखने में जन सहयोग, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और इनोवेटिव क्लीनिंग मॉडल की अहम भूमिका रही। इस उपलब्धि पर इंदौरवासियों में गर्व की लहर है।

 उज्जैन, बुधनी और देवास को भी मिला राष्ट्रीय सम्मान

स्वच्छता सर्वेक्षण में उज्जैन को 3 से 10 लाख की जनसंख्या वर्ग में सुपर स्वच्छ शहर घोषित किया गया है। वहीं, बुधनी को 20 हजार से कम आबादी वाले शहरों की श्रेणी में अवार्ड मिला है। देवास और शाहगंज को भी उनके प्रयासों के लिए राष्ट्रीय मंच पर सम्मान मिला है। इन शहरों की सफलता ने यह सिद्ध किया है कि छोटे शहर भी स्वच्छता में बड़ी मिसाल पेश कर सकते हैं।

 राष्ट्रपति ने किया सम्मानित

नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्वारा स्वच्छता पुरस्कार दिए गए। भोपाल की मेयर मालती राय और निगमायुक्त हरेंद्र नारायण समेत मध्य प्रदेश के कई शहरों के प्रतिनिधियों ने यह सम्मान ग्रहण किया। प्रदेश में इन उपलब्धियों को लेकर नागरिकों और प्रशासन में गर्व और उत्साह का माहौल है।

 

Report By:
Monika