Loading...
अभी-अभी:

मुख्यमंत्री ने स्वस्थ होकर लौटे मरीजों से वीडियो कॉलिंग कर की बातचीत

image

Apr 23, 2020

भोपालः मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि कोरोना हो, तो भी घबराए नहीं, हौसला रखें, ठीक हो जाएंगे। हमारे कोरोना मरीज बड़ी संख्या में रोज अस्पतालों से ठीक होकर घर लौट रहे हैं। उन्होंने पूरी हिम्मत और होसले से कोरोना को हराया है। वे सभी बधाई के पात्र हैं। मुख्यमंत्री ने मंत्रालय से वीडियो कॉलिंग के माध्यम से चिरायु अस्पताल से कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर घर लौट रहे मरीजों से बातचीत की। सचिव जनसंपर्क पी. नरहरि एवं संचालक जनसम्‍पर्क ओ.पी. श्रीवास्तव इस अवसर पर उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ने ठीक होकर घर जा रहे मरीज डॉ. राजेश त्रिपाठी, गिरीश त्रिपाठी, ऋषिराज सिंह, मो. कसिद, राजकुमार पांडे, महेश शर्मा, विवेक जाटव, आलोक श्रीवास्तव, ज्योति चौधरी आदि से बातचीत की तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं। चिरायु अस्पताल से कल 44 कोरोना मरीज स्वस्थ होकर घर वापस लौटे हैं।

'एक्सीलैंट' कार्य कर रहा है चिरायु अस्पताल

स्वस्थ हुए डॉ. राजेश त्रिपाठी ने प्रदेश में कोरोना के सर्वश्रेष्ठ उपचार की व्यवस्था के लिए प्रदेशवासियों की तरफ से मुख्यमंत्री का धन्यवाद दिया। उन्होंने चिरायु अस्पताल की व्यवस्थाओं की तारीफ की। गिरीश त्रिपाठी ने कहा कि अस्पताल में भोजन आदि से लेकर इलाज तक की बेहतरीन व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि कोरोना गंभीर बीमारी नहीं है, इससे लड़कर जीता जा सकता है। स्वस्थ हुए ऋषिराज सिंह ने मुख्यमंत्री से कहा कि चिरायु अस्पताल के डॉक्टर्स ने इतना अच्छा इलाज किया कि वे बता नहीं सकते। वे इन डॉक्टर्स की वजह से ही आज ठीक होकर घर जा रहे हैं। राजकुमार पांडे ने कहा कि अस्पताल में इतना अच्छा माहौल है कि पता ही नहीं चला कि 16 दिन कैसे निकल गए। आज मैं स्वस्थ्य होकर घर जा रहा हूँ। आलोक श्रीवास्तव ने मुख्यमंत्री को बताया कि वे डॉक्टर्स की देखरेख के कारण ही ठीक हुए हैं। उन्होंने चिरायु की टीम को बहुत-बहुत धन्यवाद दिया। ज्योति चौधरी ने कहा कि अस्पताल में बहुत अच्छा इलाज एवं व्यवस्थाएँ थीं।

मुख्यमंत्री चौहान ने अस्पताल के संचालक डॉ. अजय गोयनका से कहा कि कोरोना के इलाज में चिरायु अस्पताल एक्सीलैंट कार्य कर रहा है। मैं आपकी पूरी टीम को हृदय से धन्यवाद देता हूँ। आप मानव सेवा का उत्कृष्ट कार्य करके सबके लिए उदाहरण बन रहे हैं। सबको स्वस्थ कर घर भेज रहे हैं। मुख्यमंत्री ने डॉ. ज्ञानेश्वर मिश्रा एवं डॉ. अभिषेक तिवारी से भी बातचीत की।