Loading...
अभी-अभी:

किसानों को बड़ी राहत: जंगली जानवरों और जलभराव से फसल नुकसान पर अब मिलेगा बीमा कवर

image

Nov 21, 2025

किसानों को बड़ी राहत: जंगली जानवरों और जलभराव से फसल नुकसान पर अब मिलेगा बीमा कवर

केंद्र सरकार ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (PMFBY) में दो बड़े बदलाव कर किसानों को लंबे समय से चली आ रही परेशानी से निजात दिलाई है। अब जंगली जानवरों से होने वाला फसल नुकसान और धान की फसल में जलभराव की स्थिति को भी योजना में शामिल कर लिया गया है। इससे लाखों किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी।

दो नए जोखिम हुए शामिल

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय ने जंगली जानवरों द्वारा फसल हानि और धान की फसल में जलभराव को “स्थानीयकृत आपदा” (Localised Calamity) की श्रेणी में जोड़ा है। इसे पांचवें ऐड-ऑन कवर के रूप में मान्यता दी गई है। अब हाथी, जंगली सूअर, नीलगाय, बंदर और अन्य जानवरों से नुकसान होने पर अलग से मुआवजा मिलेगा।

72 घंटे में देनी होगी सूचना

नुकसान होने पर किसान को 72 घंटे के अंदर फसल बीमा पोर्टल या ऐप पर जियो-टैग्ड फोटो के साथ शिकायत दर्ज करानी होगी। राज्य सरकारें प्रभावित जानवरों की सूची और सबसे ज्यादा नुकसान वाले जिलों को चिह्नित करेंगी। इसके लिए विस्तृत मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) भी तैयार की गई है।

इन राज्यों के किसानों को सबसे ज्यादा फायदा

ओडिशा, छत्तीसगढ़, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के सभी राज्य इस बदलाव से सबसे अधिक लाभान्वित होंगे। वन क्षेत्रों के पास रहने वाले किसानों की सालों पुरानी मांग पूरी हो गई है।

रबी 2025-26 के लिए जल्द करें पंजीकरण

रबी सीजन 2025-26 के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में पंजीकरण 1 दिसंबर से 31 दिसंबर 2025 तक खुलेगा। किसान https://pmfby.gov.in पर जाकर या 14447 पर कॉल करके पूरी जानकारी ले सकते हैं।

Report By:
Monika