Loading...
अभी-अभी:

BJP की जीत पर, चीनी मीडिया की नजर, अखबार में लिखा 'भारत नहीं करेगा समझौता'

image

Mar 16, 2017

उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को मिली जीत की चर्चा भारत से बाहर उसके पड़ोसी देशों में भी पहुंच गई है। BJP की इस जीत पर चीनी मीडिया की भी नजर है। चीन के अखबार 'ग्लोबल टाइम्स' के मुताबिक, BJP को इतनी बड़ी जीत मिलने से प्रधानमंत्री मोदी की स्थिति मजबूत हुई है और इसका फायदा भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी होगा। अखबार ने लिखा है कि इस जीत के बाद भारत अन्य देशों के साथ जुड़े अपने विवादों को सुलझाने के लिए आसानी से कोई समझौता नहीं करना चाहेगा। इस लेख में भारत-चीन के आपसी रिश्तों पर UP-उत्तराखंड के विधानसभा चुनावों में BJP को मिली इस जीत के असर का विश्लेषण किया गया है।

ग्लोबल टाइम्स चीन की कम्युनिस्ट पार्टी का अखबार है, जिसका फोकस विदेशी मामलों पर होता है। गुरुवार को अखबार में छपे एक लेख में कहा गया है कि BJP की जीत का मतलब है कि अब अंतरराष्ट्रीय विवादों में भारत के साथ किसी तरह का समझौता करने में ज्यादा परेशानी पेश आएगी। ग्लोबल टाइम्स ने लिखा है, 'भारत के आंतरिक मामलों और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों पर PM मोदी का सख्त बर्ताव BJP को मिली जीतों के कारण और कठोर होता जाएगा।' इस लेख में अनुमान जताया गया है कि भारत में आयोजित होने वाले 2019 के लोकसभा चुनावों में भी BJP को ही जीत मिलेगी।