Jul 22, 2017
बिलासपुर : पेंड्रा थानाक्षेत्र के बस्तीबगरा गांव इलाके में उस समय सनसनी फैल गयी जब गांव के लोगों ने एक अज्ञात शख्स की लाश गांव के पास नदी में देखी। लाश किसी 30 से 35 साल के युवक की हैं और लाश के शरीर से सिर गायब हैं। गांव के लोगों ने घटना की जानकारी पेंड्रा पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच में जुट गई हैं।
दरअसल पेंड्रा थानाक्षेत्र के बस्तीबगरा गांव के पास से गुजरने वाली नदी के किनारे गांव के कुछ लोगों ने एक शव को पेड़ के नीचे फंसा देखा। शव का सिर शरीर से गायब था और मृतक के शरीर में सिर्फ अंतरवस्त्र थे। जिसके बाद घटना की जानकारी धीरे-धीरे पूरे गांव में फैल गई। स्थानीय लोगों ने पहले नदी के पास शव होने की जानकारी गांव के कोटवार, सरपंच समेत पेंड्रा पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पेंड्रा पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के लोगों से अज्ञात मृतक की शिनाख्त की कोशिश की, पर शरीर से सिर गायब होने के चलते मृतक कौन हैं ? कहां का रहने वाला हैं ? किसी भी प्रकार से कोई जानकारी नहीं लग पायी हैं।
पुलिस की माने तो लाश कुछ दिन पुरानी हैं और हो ना हो लाश कोरबा जिले से बहकर यहां तक आयी होगी। क्योंकि नदी कोरबा जिले के पसान और पाली थाना क्षेत्र से होते हुये इस इलाके में आती हैं। वहीं लाश का सिर गायब होने के मामले में पुलिस कयास लगा रही हैं कि किसी जानवर ने सिर को शरीर से अलग किया होगा।
ग्रामीणों की माने तो मृतक के कद काठी का इस गांव में कोई नहीं हैं। हो ना हो शव नदी में बह कर ही आया होगा। क्योंकि तीन दिन पहले उस क्षेत्र में जमकर बारिश हुई थी, पर शरीर में कपड़ा ना होने के मामले में ग्रामीण मामला संदिग्ध मान रहे हैं। पुलिस पोस्टमार्टम के बाद ही मौत का सही कारण पता चलने की बात कह रही हैं। पुलिस आसपास के थानों से गुम हुये लोगों के बारे में पता कर रही हैं।








