Jul 20, 2017
कोरिया : नगर पालिका परिषद बैकुण्ठपुर के 21 वार्ड में राजस्व वसूली न हो पाने से 1 करोड़ 50 लाख रुपए से अधिक की रकम बकाया हैं। ये बकाया संपति कर, समेकित कर, जलकर, बाजार कर, दुकान का किराया एवं अन्य मदों से वसूला जाना हैं। इतनी अधिक राशि बकाया होने से साफ हैं कि परिषद के जिम्मेदार लोग वसूली को लेकर गंभीर नहीं हैं।
नगर पालिका परिषद बैकुण्ठपुर के अंर्तगत 21 वार्ड आते हैं। इन वार्डो में लगभग 28 हजार की आबादी निवास करती हैं। वार्डवासियों को पेयजल की आपूर्ति का जिम्मा स्थानीय निकाय के पास हैं। जिसे वे हर संभव तरीके से पूरा करने का प्रयास करते हैं, लेकिन बकाया राशि अधिक होने के चलते आवश्यक संसाधन नहीं जुट पाते। जलकर में ही 52 लाख रुपए की राशि बकाया हैं। वहीं कुछ ऐसा ही हाल समेकित कर में हैं। बीते वित्तीय वर्ष में समेकित कर में 37 लाख 82 हजार रुपए बकाया था। जिसमें से महज 2 लाख 90 हजार रुपए ही वसूला गया हैं। यहां भी 36 लाख रुपए की रकम बीते वित्तीय वर्ष तक बकाया हैं।
कुल मिलाकर विभिन्न मदों में 1 करोड़ 50 लाख रुपए से अधिक की रकम बकाया हैं। परिषद के अधिकारी बकाया भुगतान के लिए समय-समय पर कार्यवाही की बात तो कहते हैं, लेकिन वसूली को लेकर कितने सजग हैं इसे बकाया राशि को देखकर आसानी से समझा जा सकता हैं।








