Oct 4, 2016
रायपुर। माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं मेरिट लिस्ट में फर्जीवाड़े की बात सामने आई है। जानकारी के अनुसार पुन:मूल्यांकन और पुन:गणना में कई छात्रों के अंक 40 फीसदी तक बढ़ गए हैं। जिसके बाद मंडल को दूसरी बार अस्थाई मेरिट सूची जारी करनी पड़ी। 10वीं की नई सूची में पहली अस्थाई मेरिट लिस्ट के 12 छात्र बाहर हो गए हैं। वहीं 12वीं की नई मेरिट लिस्ट में पहली लिस्ट के 9 छात्रों को जगह नहीं मिली है। हालांकि मेरिट लिस्ट में पहले पायदान पर आने वाले छात्र पहले की तरह ही बने हुए है। मेरिट लिस्ट में लापरवाही सामने आने के बाद स्कूल शिक्षा मंत्री ने कहा कि पूरे मामले की पड़ताल की जाएगी। लिस्ट में कहां गड़बड़ी हुई है इसका पता लगाया जाएगा। जांच के बाद ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शिक्षा विभाग के अधिकारियों को जांच के आदेश दे दिए गए हैं।








