Aug 3, 2021
मध्य प्रदेश के ग्वालियर-चंबल अंचल में बाढ़ से हालात बेकाबू हो गए हैं। शिवपुरी, श्योपुर, ग्वालियर और दतिया में लगातार बारिश और उफनती नदियों ने स्थिति बिगाड़ दी है। शिवपुरी के 100 से ज्यादा गांव खाली करवाए गए हैं। मंत्री महेन्द्र सिंह सिसोदिया का कहना है कि है कि करीब 2 हजार लोग शिवपुरी में फंसे हुए हैं। पूरे अंचल में बाढ़ का केन्द्र शिवपुरी बना हुआ है।
सीएम करेंगे हवाई सर्वे
इसके अलावा ग्वालियर-चंबल अंचल में 2500 से ज्यादा लोग प्रशासन से मदद की आस लगाए बैठे हैं। सिसोदिया का कहना है कि बुधवार से सेना रेस्क्यू शुरू कर देगी। उनकी मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और केन्द्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से बात हुई है। CM ने भी कहा है कि संकट बहुत बड़ा है और सेना की मदद ले रहे हैं। बता दें मुख्यमंत्री आज 11 बजे चंबल क्षेत्र का हवाई सर्वे भी करेंगे।
लगातार बारिश के चलते हालात बेकाबू
एक सप्ताह से लगातार बारिश और बांधों के ओवरफ्लो होने के बाद नदियों में छोड़े गए पानी ने ग्वालियर-चंबल अंचल में हालात काबू से बाहर हो गए हैं। सबसे ज्यादा शिवपुरी, श्योपुर, दतिया और ग्वालियर जिले प्रभावित हुए हैं। शिवपुरी के करैरा, पोहरी विधानसभा के 100 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में हैं। ग्वालियर के शिवपुरी से लगे भितरवार और मोहना में भी स्थिति खराब है। सिंध, पार्वती, कूनो, नोन नदियों के किनारे बसे कई गांव पानी में डूब गए हैं।