Jul 26, 2022
भोपाल में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश हो रही है। शहर में अब तक रिकॉर्ड 27.72 इंच बारिश हो चुकी है। तालाब और डैम से भी पानी ओवरफ्लो हो रहा है। कलियासोत और भदभदा डैम के सभी गेट खोल दिये गये है। भोपाल से 40km दूर कोलार डैम के भी दो साल बाद गेट खुल चुके है लेकिन केरवा अभी भी पीछे है। केरवा डैम का फुल टैंक लेवल 1673 फीट है। इस बार यह डैम 1669.29 तक भर चुका है, यानी फुल भराने में डैम अभी भी साढ़े 3 फीट तक खाली है। इतना पानी आने के बाद ही डैम के गेट ऑटोमेटिक खुल जाएंगे।
पिछले साल छोड़ा था सभी डैम को पीछे
पिछली बार केरवा डैम के गेट सबसे पहले खुले थे। 17 सितंबर को दोपहर में एक साथ आठ में से पांच गेट खुले थे। इसके बाद भदभदा के गेट खुले थे। कलियासोत और केरवा डैम के गेट नहीं खुले थे। केरवा डैम शहर का एक पिकनिक स्पॉट है। बारिश के चलते चारों ओर हरियाली हो गई है। लोग केरवा डैम भी पहुंच रहे हैं। ताकि, डैम के ओवरफ्लो होते नजारे के साथ प्रकृति को निहार सके, लेकिन अभी डैम नहीं भरने से वे निराश होकर लौट जाते हैं।
क्यों बनी ऐसी स्थिति
भदभदा और कोलार डैम के कैचमेंट में लगातार बारिश की वजह से इनके सारे गेट खोल दिए गए। वहीं दूसरी ओर, केरवा डैम के कैचमेंट एरिया में अच्छी बारिश नहीं हुई। इस कारण यह अब तक पूरी तरह से नहीं भर पाया। और अब भी डैम साढ़े तीन फीट खाली है।








