Dec 7, 2025
छत्तीसगढ़ CM विष्णु देव साय का मध्य प्रदेश दौरा आज, मोहन यादव से महत्वपूर्ण मुलाकात
रायपुर/भोपाल। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय आज एक दिवसीय मध्य प्रदेश दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भोपाल में मुलाकात करेंगे। दोनों नेताओं के बीच अंतर-राज्यीय सहयोग, जल संसाधन परियोजनाओं और विकास कार्यों पर अहम चर्चा होने की संभावना है।
रायपुर में सुबह का कार्यक्रम
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय सबसे पहले सुबह रायपुर स्थित इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय के सभागार में सर्व रविदास समाज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण एवं सम्मान समारोह में शामिल होंगे। यहां वे समाज के लोगों को संबोधित कर बधाई देंगे।
दोपहर में भोपाल के लिए रवाना
रायपुर का कार्यक्रम संपन्न होने के बाद दोपहर करीब 2 बजे CM साय विशेष विमान से भोपाल के लिए रवाना होंगे। भोपाल पहुंचते ही वे सीधे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से शिष्टाचार भेंट करेंगे।
जल संसाधन विभाग की बड़ी बैठक
शाम 5 बजे श्यामला हिल्स स्थित जल संसाधन विभाग (WRD) की हाई-लेवल प्रेजेंटेशन बैठक में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस बैठक में मध्य प्रदेश के CM मोहन यादव, सांसद और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। बैठक में दोनों राज्यों से जुड़ी महत्वपूर्ण जल परियोजनाओं और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत प्रस्तुति दी जाएगी। सूत्रों के अनुसार कुछ बड़े ऐलानों की भी संभावना है।
रात 10 बजे CM साय राजा भोज एयरपोर्ट से रायपुर वापस लौटेंगे। यह दौरा दोनों भाजपा शासित राज्यों के बीच प्रशासनिक और विकास संबंधों को और मजबूत करने की दिशा में अहम माना जा रहा है।








