Apr 25, 2025
DJ बजा... लड़कियां नाचीं... और शुरू हो गई चाकूवाली जंग !
शादी में डीजे पर डांस बना बवाल की वजह, वर पक्ष पर चाकू से हमला, चार घायल, एक की हालत गंभीर
डबरा (मध्य प्रदेश):
शादी के जश्न में जहां खुशियां बिखरती हैं, वहीं मध्य प्रदेश के डबरा में एक शादी समारोह उस वक्त दहशत में बदल गया जब डीजे पर डांस को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि मामला चाकूबाज़ी तक पहुंच गया। अमरपुरा खेरी स्थित पीतांबरा मैरिज गार्डन में हुए इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
लड़कियों के डांस से भड़का विवाद
जानकारी के अनुसार शादी के दौरान डीजे पर लड़कियों का डांस चल रहा था। इसी बीच वर और कन्या पक्ष के कुछ लोग आपत्ति जताने लगे। बातों-बातों में बहस शुरू हुई जो धीरे-धीरे झगड़े में तब्दील हो गई। देखते ही देखते लड़की के भाई के साले ने आपा खो दिया और चाकू से हमला कर दिया।
चार लोग घायल, एक की हालत गंभीर
इस हमले में चार लोग बुरी तरह घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल डबरा के जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें ग्वालियर रेफर किया गया। इनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
पुलिस ने मामला किया दर्ज
घटना की सूचना मिलते ही डबरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है और आरोपियों की तलाश जारी ।
शादी का जश्न बना मातम, दहशत में मेहमान
इस हिंसक घटना के बाद शादी का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। मेहमानों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यह घटना केवल डीजे और डांस को लेकर नहीं, बल्कि पहले से चली आ रही आपसी रंजिश का नतीजा भी हो सकती है। पुलिस हर एंगल से जांच में जुटी है।