Loading...
अभी-अभी:

जुगनू बनाम सूरज: एमपी कांग्रेस में गुटबाजी की नई आग

image

Jan 2, 2026

जुगनू बनाम सूरज: एमपी कांग्रेस में गुटबाजी की नई आग

भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस में आंतरिक कलह एक बार फिर खुलकर सामने आ गई है। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की आरएसएस संगठनात्मक ताकत की सराहना वाली सोशल मीडिया पोस्ट ने पार्टी के भीतर तूफान खड़ा कर दिया। इस पोस्ट पर तीखी प्रतिक्रिया देने वाली कांग्रेस नेत्री निधि चतुर्वेदी पर अब दिग्विजय समर्थकों ने पलटवार किया है, जिससे गुटबाजी की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

 पोस्टर ने बढ़ाई हलचल

भोपाल स्थित प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के बाहर दिग्विजय सिंह के समर्थकों ने एक विवादास्पद पोस्टर लगाया। पोस्टर में लिखा है: "उंगलियां छोटी पड़ गईं कि नाखून इतने बढ़ गए, कुछ जुगनुओं (निधि चतुर्वेदी) के काफिले सूरज (दिग्गी राजा) के पीछे पड़ गए।" इस काव्यात्मक अंदाज में निधि चतुर्वेदी को निशाना बनाया गया है, जबकि दिग्विजय सिंह को 'सूरज' बताकर उनका महिमामंडन किया गया। पोस्टर ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं के बीच नई बहस छेड़ दी है।

 विवाद की जड़

विवाद की शुरुआत दिग्विजय सिंह की उस पोस्ट से हुई, जिसमें उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पुरानी तस्वीर साझा कर आरएसएस-बीजेपी की संगठन शक्ति की प्रशंसा की। पूर्व राज्यसभा सांसद सत्यव्रत चतुर्वेदी की बेटी निधि चतुर्वेदी ने इसे पार्टी विरोधी करार देते हुए हाईकमान से कार्रवाई की मांग की। इससे नाराज दिग्विजय समर्थकों ने पोस्टर के जरिए जवाब दिया।

 बेटे का समर्थन और पार्टी की चुप्पी

इस बीच, दिग्विजय के बेटे एवं विधायक जयवर्धन सिंह ने भी सोशल मीडिया पर अप्रत्यक्ष रूप से पिता का पक्ष लिया। उनकी पोस्ट को एकता तोड़ने की साजिश के खिलाफ देखा जा रहा है। पार्टी के वरिष्ठ नेता इस मुद्दे पर खामोश हैं, लेकिन कार्यकर्ताओं का मानना है कि यह गुटबाजी पार्टी की एकता को कमजोर कर रही है।

यह घटना एमपी कांग्रेस की पुरानी गुटबाजी को फिर उजागर करती है, जो आगामी चुनावों से पहले चुनौती बन सकती है।

 

 

Report By:
Monika