Jan 13, 2023
26 से 30 जनवरी तक रवींद्र भवन में होगा उत्सव
भोपाल, गणतंत्र का उत्सव लोकरंग इस बार भव्य स्तर पर मनाए जाने की योजना संस्कृति विभाग द्वारा बना ली गई है। गत वर्ष कोरोना की बंदिशों की वजह से तैयारी होने के बावजूद इसे बड़े स्तर पर आयोजित नहीं किया जा सका था, इस कारण गत वर्ष की योजना को इस साल मूर्त रूप दिया गया है।
संस्कारों और कलाओं में विमुक्त, घुमंतु और अर्द्धघुम्मकड थीम पर लोकरंग का आयोजन 26 से 30 जनवरी तक रवींद्र भवन परिसर में होगा। इसमें विदेशी कलाकार भी शामिल होंगे। देशांतर के तहत इजिप्ट, यूक्रेन और यूके के कलाकार नृत्य की प्रस्तुति देंगी। पांच दिन तक चलने वाले इस उत्सव में शिल्पों के प्रदर्शन, खानपान, नृत्य, गायन, वादन पर आधारित विभिन्न प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी। उत्सव की शुरुआत 26 जनवरी को अलंकरण समारोह के साथ होगी। इसके बाद लोकरंग का मुख्य आकर्षण नृत्य नाटिका चरैवेति की प्रस्तुति होगी
बताया जाता है कि लोकरंग के पहले दिन 26 जनवरी को जिफा कालबेलिया समुदाय के जीवन एकाग्र पर आधारित चरैवेति समवेत नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी जाएगी। इसका निर्देशन भोपाल के रामचंद्र द्वारा किया जाएगा। वहीं नाटिका में सूत्रधार के रूप में फ़िल्म अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी और पद्मश्री सम्मान प्राप्त राई लोकनर्तक रामसहाय पांडेय मौजूद रहेंगे। डेढ़ सौ कलाकार इसमें हिस्सा लेंगे। कालबेलिया समुदाय की संस्कृति, परंपरा, कला, जीवन शौली पर केंद्रित और करीब डेढ घंटे की प्रस्तुति होगी। इसकी रिहर्सल जनजातीय संग्रहालय में बुधवार से आरंभ हो गई है।
पहली बार पुस्तक मेला
लोकरंग में पहली बार राष्ट्रीय पुस्तक मेला का आयोजन किया जा रहा है। इसमें मप्र के अलावा देशभर के प्रकाशन शामिल होंगे। पुस्तक मेले में एक लाख किताबें उपलब्ध होंगी। उत्सव में राजस्थान का कालबेलिया नृत्य, महाराष्ट्र का धनगनी गजा, कर्नाटक का
लंबाडी और मप्र का गुदुमबाजा लोक नृत्य शामिल है। इसके अलावा अन्य राज्य के कलाकार लोक नृत्य की प्रस्तुति देंगे।








