Loading...
अभी-अभी:

प्रियंका गांधी का कहना 'भाजपा कर रही युवाओं के भविष्य से खिलवाड़' भ्रष्टाचार और घोटाले को लेकर किया सरकार से सवाल

image

Sep 4, 2022

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तराखंड विधानसभा में हुई नियुक्तियों और UKSSSC  पेपर लीक मामले को लेकर प्रदेश भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार से यह पता चल रहा है कि भाजपा सरकार युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।

घोटाले से देश के युवा हो रहे निराश
प्रियंका ने अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि 'एक तरफ, यूकेएसएसएससी की भर्ती परीक्षाओं में पेपर लीक और भ्रष्टाचार सामने आया है। वहीं विधानसभा में हुई भर्तियों में भी भारी भ्रष्टाचार और घोटाला सामने आया है।  जिसके तहत नेताओं के रिश्तेदारों और संबंधियों को बड़ी संख्या में पद बांटे गए है। लगातार हो रहे इन घोटालों ने हमारे योग्य और शिक्षित युवाओं को न सिर्फ निराश किया है, बल्कि उनके भविष्य को अंधकार में डाल दिया है।'

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सख्त कार्रवाई करने की मांग
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा का कहना है कि 'जिन लोगों ने नैतिकता को पीछे रखते हुए अपने नाते-रिश्तेदारों को नौकरियां दिलाई हैं, उन पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा कि नियुक्तियों में नैतिकता का चीर हरण हुआ है, भले ही यह किसी भी सरकार के कार्यकाल से जुड़ा हो। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लाल किले की प्राचीर से स्वतंत्रता दिवस पर रेवाड़ी संस्कृति पर प्रहार किया था। उन्हें उत्तराखंड सरकार पर इस रेवड़ी संस्कृति के लिए कार्यवाही करनी चाहिए। प्रधानमंत्री के लिए यह लिटमस टेस्ट की तरह है।'
साथ ही माहरा ने कहा कि संविधान ने विधानसभा अध्यक्ष को नियुक्ति करने का अधिकार दिया गया है, लेकिन आर्टिकल 187 से कहीं पहले देशवासी को समानता का अधिकार भी दिया गया है। यहां देखने में आ रहा है कि लोगों ने अपने रिश्ते-नातेदार, परिचितों की नौकरियां लगवा दी। संविधान के अनुसार देखा जाए तो सभी को रोजगार के लिए बराबर का अधिकार नहीं दिया।