Jul 26, 2022
उत्तराखंड के चमोली के हेलंग में चारापत्ती विवाद अब बढ़ता ही जा रहा है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाडरा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट शेयर करते हुए प्रदेश की भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। प्रियंका ने लिखा 'पहाड़ों की घास पर पहाड़ के लोगों को ही हक न मिलना सरासर ज्यादती है।'
सोशल मीडिया पर शेयर किया वीडियो
प्रियंका ने फेसबुक पर वीडियो साझा करते हुए लिखा स्थानीय लोगों ने पहाड़ों की रक्षा की, उनको संवारा, आज सरकार उन्हीं को घास काटने से रोक रही है। भाजपा सरकार जहां एक तरफ आदिवासियों से जंगल-जमीन का अधिकार छीनती जा रही है तो वहीं दूसरी पहाडियों को प्रकृतिक संपदाओं से वंचित कर रही है। रिपोर्ट्स की माने तो प्रियंका गांधी के इस मुद्दे को उठाने के बाद अब उत्तराखंड कांग्रेस भी इस मामले को और जोर शोर से उठाएगी।

क्या है चारापत्ती विवाद
खबरों की माने तो जोशीमठ हेलंग में चारापत्ती लेकर आ रही कुछ महिलाओं से पुलिस और CRPF जवानों ने उनकी गठरियां छीन लीं और बे वजह उन्हें कई घंटों तक हिरासत में रखा। चारा ले जा रही महिलाओं का कहना है कि जब उन्होंने जवानों को सालों से चारा पत्ती ले जाने की बात कही तो पुलिस ने उनकी एक न सुनी और उन्हें छह घंटे तक पुलिस वाहन और थाने में बैठाए रखा। साथ ही पुलिस ने पूरे क्षेत्र को प्रतिबंधित बताते हुए उनसे 250 रुपए का चालान वसूला।
मुख्यमंत्री ने दिया जाच कराने का आदेश
इस मामले को लेकर अब मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गढ़वाल मंडलायुक्त को जाच के आदेश दिए है। मंडलायुक्त ने एसडीएम से रिपोर्ट मांगी है। बता दें कि हेलंग स्थित मैदान में मलबा डालकर इसे खेल मैदान बनाने की बात कही जा रही है। वहीं, महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने भी डीएम चमोली को निर्देश दिए कि वे पूरे मामले की जांच पीड़ितों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर ही करें।








