Loading...
अभी-अभी:

ईद के मौके पर राष्‍ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी राष्ट्र को बधाई

image

Jun 26, 2017

नई दिल्‍ली : ईद के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र को बधाई दी। साथ ही कामना की कि ईद समाज में शांति और भाईचार लेकर आए। प्रधानमंत्री ने ट्वीट में लिखा कि ईद-उल-फितर की शुभकामनाएं, ईश्वर करें यह शुभ दिन समाज में शांति की भावना एवं भाईचारा लेकर आए। प्रधानमंत्री ने ईद की पूर्व संध्‍या पर ट्वीट कर कहा था कि लोगों में खुशी की भावना भरने वाले एवं राष्ट्र को आगे बढ़ने की दिशा में इस तरह के पवित्र त्योहारों से प्रेरणा लेनी चाहिए।प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा था कि भारत की विविधता ही इसकी विशेषता और साथ ही उसे मजबूती प्रदान करने वाली है। उन्होंने कहा कि रमजान का पवित्र महीना पूरे भक्तिभाव से मनाया जाता है। अब ईद का वक्त है।

इससे पहले राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने ईद की शुभकामनाएं दी और आशा व्यक्त की कि यह पर्व सभी के जीवन में समृद्धि लाएगा और 'एकता और भाईचारे में हमारे विश्वास' को सुदृढ़ करेगा। राष्ट्रपति ने अपने बधाई संदेश में कहा कि ईद के अवसर पर सभी देशवासियों को, विशेष रूप से भारत और विदेशों में रह रहे भारतीय मुस्लिम भाइयों और बहनों को, हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।

उदारता की भावना को मिलती है मजबूती

इस मौके पर उप-राष्ट्रपति हामिद अंसारी ने भी देशवासियों को ईद की बधाई दी और भाईचारे को सुदृढ़ करने के ईद के महत्व पर बल दिया। उप-राष्ट्रपति ने अपने बधाई संदेश में कहा कि ईद के उल्लासपूर्ण अवसर पर मैं समस्त देशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। उन्होंने कहा रमजान के पवित्र महीने के समापन पर ईद का पर्व आता है, जो भाईचारे की हमारी परंपरा और लोगों के बीच आपसी सौहार्द्र का महत्व बताता है। ईद करुणा, परोपकार और उदारता की भावना को मजबूत करता है।

गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने देशवासियों को ईद का संदेश ट्वीट करके दिया है। उन्होंने ट्वीट किया, ईद-उल-फितर के अवसर पर लोगों को मेरी शुभकामनाएं। आशा है यह त्‍योहार समाज में शांति और मित्रता के संबंध को मजबूत करे। लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने भी देशवासियों को ईद की बधाई दी और देश की समृद्धि एवं एकता की कामना की। महाजन ने कहा कि ईद की पूर्व संध्या पर मैं देशवासियों को शुभकामनाएं देती हूं। इस अवसर पर मेरी देशवासियों से प्रार्थना है कि वे देश में शांति और देशवासियों के बीच भाईचारे के लिए प्रार्थना करें।

कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने भी देशवासियों को ईद की शुभकामनाएं दी हैं। अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट ऑफिस ऑफ आरजी के माध्यम से ट्वीट करके राहुल ने संदेश दिया, सभी को ईद मुबारक। आशा करता हूं ये दिन प्रेम, आशीर्वाद और परिवार और दोस्तों की गर्माहट से भरा हो।