Mar 23, 2023
नई दिल्ली। प्रबल दावेदार निकहत जरीन और लवलीना बोरगोहेन ने उम्मीदों के अनुसार प्रदर्शन करते हुए महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंचकर भारत के लिए पदक पक्के किये। इन दोनों के अलावा राष्ट्रमंडल खेलों की चैंपियन नीतू गंघास (48 किलो) और अनुभवी स्वीटी बूरा ( 81 किग्रा) भी अंतिम चार में पहुंच गयीं।
नये वजन वर्ग में खेलते हुए मौजूदा चैंपियन निकहत (50 किग्रा) थाईलैंड की चुथामा रसात को 5-2 से हराकर अपना दूसरा विश्व चैंपियनशिप पदक पक्का किया जबकि लवलीना (75 किग्रा) ने मोजाम्बिक की एडोसिंडा राडी ग्रामाने पर 5-0 से जीत हासिल की। वहीं भारत के लिए साक्षी चौधरी (52 किग्रा) और पिछले चरण की कांस्य पदक विजेता मनीषा मौन (57 किग्रा) अंतिम चार चरण तक पहुंचने में विफल रही।
राष्ट्रमंडल खेलों की कांस्य पदक विजेता जैसमीन लम्बोरिया (60 किग्रा) और नुपूर श्योराण (+81) को भी हार सामना करना पड़ा। निकहत का सामना अब सेमीफाइनल में कोलंबिया की इंग्रिट वालेंसिया से होगा जो रियो ओलंपिक की कांस्य पदक विजेता हैं।
हरियाणा की 22 वर्ष की नीतू रिंग में उतरने वाली पहली भारतीय रहीं, उन्होंने दूसरे राउंड में आरएससी (रेफरी के द्वारा मुकाबला रोके जाना) के आधार पर जापान की माडोका वाडा को हराया। इस तरह उन्होंने अपने और भारत के लिये कम से कम एक कांस्य पदक पक्का किया।
वहीं टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला खेल रही स्वीटी ने अपनी शीर्ष वरीयता के अनुरूप प्रदर्शन करते हुए 2018 कांस्य पदक विजेता बेलारूस की विक्टोरिया केबिकावा पर 5-0 से जीत हासिल कर विश्व चैंपियनशिप का अपना दूसरा पदक पक्का किया। उन्होंने 2014 में रजत पदक जीता था।