Jun 19, 2021
CBSE ने 12वीं का रिजल्ट तैयार करने के लिए 30:30:40 का फॉर्मूला तय किया है। इसके मुताबिक, किसी भी स्टूडेंट को 10वीं के कुल मार्क्स के 30%, 11वीं के कुल मार्क्स के 30% और 12वीं के यूनिट टेस्ट, मिड टर्म और प्री बोर्ड एग्जाम के कुल मार्क्स के 40% को जोड़ा जाएगा। इन्हें जोड़कर जो टोटल आएगा, उससे 12वीं के थ्योरी में मिलने वाले टोटल मार्क्स कैलकुलेट किए जाएंगे।
आप रिजल्ट को कैलकुलेट करते समय ध्यान रखें कि 30:30:40 फॉर्मूले के मुताबिक 10वीं, 11वीं और 12वीं के जिन मार्क्स को जोड़ा जा रहा है, उससे केवल थ्योरी का स्कोर ही पता चलेगा। इसे टोटल स्कोर न मानें, क्योंकि इस साल 12वीं के प्रैक्टिकल एग्जाम के मार्क्स स्कूलों की तरफ से पहले ही CBSE को भेजे जा चुके हैं।
10वीं के मार्क्स कैसे जुड़ेंगे
10वीं में स्टूडेंट्स आमतौर पर 5 या कभी-कभी 6 सब्जेक्ट्स की पढ़ाई करते हैं। इनमें से 3 टॉप स्कोर वाले सब्जेक्ट के मार्क्स जोड़े जाएंगे।
11वीं के मार्क्स कैसे जुड़ेंगे
11वीं के एग्जाम में सभी विषयों में स्कोर किए गए कुल मार्क्स को शामिल किया जाएगा। यानी, इसमें 10वीं की तरह केवल 3 सब्जेक्ट्स को नहीं चुनना है।
12वीं के मार्क्स कैसे जुड़ेंगे
12वीं में सब्जेक्ट वाइज यूनिट टेस्ट के मार्क्स, मिड टर्म एग्जाम के मार्क्स और प्री-बोर्ड एग्जाम के मार्क्स जोड़कर स्कोर कैलकुलेट किया जाएगा।








