Loading...
अभी-अभी:

महानदी जल विवाद मामला : ओडिशा के संगठन ने की सीएम डॉ रमन से मुलाकात

image

Jul 14, 2017

रायपुर : महानदी के मुद्दे पर आज ओडिशा के संगठन आगामी ने नदी संरक्षण के लिए काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता राजेंद्र सिंह के साथ मुख्यमंत्री डॉ.रमन सिंह से मुलाकात की। संगठन ने सीएम से कहा कि महानदी छत्तीसगढ़ ओडिशा के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक और आर्थिक रिश्तों का सेतु हैं। लिहाजा महानदी के पानी को लेकर दोनों राज्यों के बीच बढ़ते विवाद को खत्म किया जाना चाहिए। संगठन ने मुख्यमंत्री से कहा कि ये बेहतर होगा कि दोनों राज्य मिल-बैठकर इस समस्या का समाधान ढूंढे। ये कावेरी नदी जैसा विवाद ना बन जाए। जिसकी वजह से तमिलनाडू-कर्नाटक के बीच हिंसक प्रदर्शन हुए हैं। 

आगामी संगठन के सुदर्शन दास ने कहा कि 12 जुलाई को ओडिशा में राज्य स्तर पर बडा सम्मेलन बुलाया गया था। जिसमें सभी राजनैतिक दलों के लोग एकजुट हुए थे। इस सम्मेलन में नदी को लेकर चर्चा हुई। चर्चा में ये निष्कर्ष सामने आया था कि महानदी विवाद के मद्देनजर दोनों राज्यों में परस्पर बातचीत होना जरूरी हैं। मुख्यमंत्री से हुई मुलाकात के दौरान दलीलें दी गई कि नदी पर यदि बैराज बनता हैं, तो इससे पर्यावरण संतुलन बिगड़ता हैं। लिहाजा जिस बैराज को बनाए जाने को लेकर ओडिशा लगातार आपत्ति जता रहा हैं, उस मुद्दे पर दोनों राज्य को खुलकर बातचीत कर समाधान निकाले। 

नदी को लेकर अरसे से काम कर रहे राजेंद्र सिंह ने कहा कि नदी में बहाव को रोकने की कोशिश होगी, तो नदी का अस्तित्व नहीं बचेगा। संगठन ने कहा कि महानदी को लेकर सितंबर में एक पदयात्रा शुरू की जा रही हैं। यह पदयात्रा महानदी के उद्गम स्थल यानी छत्तीसगढ़ के नगरी सिहावा से शुरू होकर ओडिशा के पारादीप तक चलेगी। इस पदयात्रा के दौरान जितने भी गांव बीच में पड़ेगे, वहां के किसानों, आम लोगों के बीच जनजागरण की कवायद की जाएगी। उन्होंने कहा कि महानदी को सुरक्षा देने की जरूरत हैं और यह तभी मुमकिन हैं जब सरकारी फाइलों से बाहर निकलकर इसके बारे में सोचा जाए।