Loading...
अभी-अभी:

बुजुर्ग महिला ने किए एक लाख के गहने पार

image

Jan 20, 2018

ग्वालियर। ग्वालियर के रेलवे कॉलोनी में महिला को पति व चार साल के बेटे की अकाल मौत होने का खौफ दिखाकर सन्यासिन बुजुर्ग महिला एक लाख रुपए के गहने ठग ले गई और महिला के हाथ में दो आटे की लोई थमा गई। साथ ही चेतावनी दे गई कि 7 बजे से पहले इन लोई को बिगाड़कर गहने देखे तो तेरे पति व बेटे की मौत हो जाएगी। जब महिला ने पति के घर आने पर आटे की लोई देखी तो महिला फूट-फूटकर रोने लगी। क्योंकि लोई में गहने नहीं थे। इसके बाद महिला पति के साथ रात को ठगी की रिपोर्ट लिखाने के लिए थाने पहुंची। जिसकी पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। दरसअल रेलवे कॉलोनी निवासी राघवेंद्र नरवरिया एमपीईबी बिजली विभाग में मीटर रीडर का काम करते है और घर में 4 साल के बेटे के साथ पत्नी अनीता नरवरिया अकेली थी। शुक्रवार की दोपहर 11 बजे के लगभग एक बुजुर्ग महिला घर आई। जो कि बगैर पूछे कमरे तक आ गई। ये महिला दिखने में सन्यासिन जैसी लग रही थी और कंधे पर थैला लटकाए हुई थी। अनीता ने महिला से घर के अंदर आने का कारण पूछा तो उसने अपना नाम शारदा बताया और कहा कि वह हरिद्वार से आई है। ठग महिला ने अनीता को बताया कि तेरे पति व चार साल के बेटे का शाम 4 बजे तक अकाल मौत होने का योग है। तू काफी पूजा पाठ करती है इसलिए किसी देवीय शक्ति ने तेरा सुहाग बचाने के लिए भेजा है। इसके लिए कुछ पूजा पाठ करने होंगे। महिला के मुंह के ये शब्द सुनकर अनीता स्तब्ध रह गई। फिर महिला बोली इसके बदले मुझे कुछ नहीं चाहिए, बस केवल अगरबत्ती ले आ। घर में अगरबत्ती नहीं होने पर महिला ने दीया दे दिया, उसके बाद महिला ने आटा मांगा। पूजा में तेरे सुहाग के गहने लगेंगे, तेरे पास हार-चूड़ी होंगे तो तू ले आ ठग महिला अनीता से पूजा के लिए सोने के हार-चूड़ी मांगने लगी। उसके मना करने पर महिला ने कहा कि अगर अपने सुहाग व बच्चे को बचाना चाहती है तो घर में जो गहने हों ले आ। चिंता मत कर गहने अपने हाथ में रखना, मैं उनसे हाथ तक नहीं लगाऊंगी। अनीता अलमारी में से सोने के दो मंगसलूत्र, सोने की चेन, कानों के बाले, अंगूठी व चांदी की करधोनी ले आई। इसी बीच महिला ने आटे की दो लोई बना लीं। गहने अनीता के हाथ में ही थे। अचानक ठग महिला ने कहा कि आटा कड़ा करना है, पानी ले आ। अनीता पानी लेकर आई तो महिला ने बताया कि तेरे गहने इन दोनों लोई में हैं। लेकिन इन लोई को शाम 7 बजे तक छेड़ना नहीं, अन्यथा अनर्थ हो जाएगा। महिला के जाने के बाद अनीता पति के घर लौटने का इंतजार करने लगी। पति के घर लौटने पर लोई टटोलने पर उसके होश उड़ गए। क्योंकि लोई में गहने नहीं थे। पड़ाव थाना पुलिस ने अनीता नरवरिया की रिपोर्ट पर अज्ञात महिला के खिलाफ ठगी का मामला दर्ज कर लिया है।