Jul 14, 2017
शहडोल : धनपुरी में राहजनी और लूट के मामले में वांछित अपराधी को पुलिस ने बीती रात गिरफ्तार कर लॉकअप में डाल दिया, जहां शुक्रवार को उसने फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। समय रहते पुलिस ने उसे चिकित्सालय पहुंचाया। जहां वह जीवन और मौत से संघर्ष कर रहा हैं।
धनपुरी निवासी धनीराम कोल के विरूद्ध थाने में 9 मामले पहले से कायम हैं। उक्त आरोपी के विरूद्ध जिले के अमलाई थाना, उमरिया जिले के पाली थाना में भी मामले दर्ज हैं। बीती रात उसने चाकू की नोक पर अमरकंटक थर्मल पॉवर चचाई में कार्यरत सुरक्षाकर्मी सुनील कुशवाहा से 1 हजार रुपये और मोबाइल फोन लूट लिया था।
सूचना पर धनपुरी पुलिस ने धनीराम कोल को धरदबोचा और थाना के लॉकअप में डाल दिया। पुलिस शुक्रवार को उसे न्यायालय में पेश करने वाली थी, किन्तु इससे पहले ही उसने लॉकअप के अंदर फांसी लगाकर आत्महत्या करने की कोशिश की। गंभीर अवस्था में धनीराम को जिला मुख्यालय के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया हैं।